बॉडी बिल्डर वरिंदर घुम्मन की अंतिम अरदास 23 अक्टूबर को, जालंधर के मॉडल हाउस गुरुद्वारे में होगा भोग

बॉडी बिल्डर वरिंदर घुम्मन की अंतिम अरदास 23 अक्टूबर को, जालंधर के मॉडल हाउस गुरुद्वारे में होगा भोग

पंजाब के मशहूर शाकाहारी बॉडी बिल्डर और एक्टर वरिंदर सिंह घुम्मन की अंतिम अरदास 23 अक्टूबर को की जाएगी। इस संबंध में मंगलवार को परिवार की ओर से जानकारी साझा की गई। जारी बयान में बताया गया कि घुम्मन की अंतिम अरदास (भोग) मॉडल हाउस स्थित गुरुद्वारा साहिब में संपन्न होगी। इस अवसर पर कई कलाकारों और राजनेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

परिवार ने पहले ही इंसाफ की मांग उठाई थी, उनका आरोप है कि वरिंदर घुम्मन की मौत अस्पताल की लापरवाही के कारण हुई। इसी मुद्दे पर सोमवार को परिवार की अगुवाई में कैंडल मार्च भी निकाला गया, जिसमें विभिन्न दलों के नेता शामिल हुए। इसी दौरान AAP नेता नितिन कोहली ने घोषणा की कि घुम्मन के नाम पर एक पार्क का निर्माण किया जाएगा, जिसका उद्घाटन भी गुरुवार को किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, घुम्मन अपने जालंधर के मॉडल हाउस स्थित जिम में एक्सरसाइज कर रहे थे, जब उनके कंधे की नस दब गई और तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उन्हें दो बार हार्ट अटैक आया, जिससे उनकी मौत हो गई।

कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने परिवार से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया और कहा कि मौत के कारणों की जांच करवाई जाएगी तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 28 दिसंबर 1982 को गुरदासपुर के तलवंडी में जन्मे वरिंदर घुम्मन ने लायलपुर खालसा कॉलेज से एमबीए किया था। वह एक प्रोफेशनल बॉडी बिल्डर और एक्टर थे, जिन्होंने सलमान खान की फिल्म टाइगर 3 में भी काम किया था। इसके अलावा, वह मिस्टर इंडिया खिताब जीत चुके थे।