स्वाति मालीवाल से मारपीट का आरोपी विभव कुमार अरेस्ट, केजरीवाल बोले- कल 12 बजे सभी नेताओं के साथ बीजेपी हेडक्वार्टर जाउंगा, जिसे अरेस्ट करना हो...

स्वाति मालीवाल से मारपीट का आरोपी विभव कुमार अरेस्ट, केजरीवाल बोले- कल 12 बजे सभी नेताओं के साथ बीजेपी हेडक्वार्टर जाउंगा, जिसे अरेस्ट करना हो...

स्वाति मालीवाल से मारपीट के आरोपी विभव कुमार को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। विभव को पुलिस ने दिल्ली सीएम आवास से ही अरेस्ट किया है। वहां से विभव कुमार को दिल्ली पुलिस सिविल लाइन पुलिस स्टेशन लेकर गई थी। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस को इनपुट मिला था कि  विभव दिल्ली से बाहर नहीं बल्कि सीएम आवास पर ही मौजूद है। और अब दिल्ली पुलिस ने विभव कुमार को अरेस्ट करने में कामयाबी हासिल की है। अब दिल्ली पुलिस विभव को अस्पताल लेकर जाएगी। अपने अरेस्ट से पहले विभव कुमार ने दिल्ली पुलिस को एक ई-मेल भी भेजा था जिसमें उसने अपनी ओर से शिकायत दर्ज करवाई थी। अब ख़बर ये भी निकल कर आ रही है कि दिल्ली पुलिस को जो ई-मेल भेजा गया था उसका आईपी एड्रेस भी पुलिस ने ट्रैक किया था। कई टीमें विभव कुमार की तलाश में थी और अब उसको सीएम आवास से हिरासत में लिया गया।

दूसरी ओर जैसे ही विभव कुमार की गिरफ्तारी हुई उसके बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मीडिया के सामने आए और कहा कि बीजेपी आम आदमी पार्टी के सब नेताओं को गिरफ्तार करना चाहती है। इन्होंने मुझे गिरफ्तार किया, मनीष सिसोदिया संजय सिंह, सत्येंद्र जैन को जेल में डाल दिया। आज मेरे पीए विभव कुमार को जेल में डाल दिया। अब कह रहे हैं कि राघव चड्ढा को जेल में डालेंगे जो अभी-अभी लंदन से लौटे हैं। थोड़े दिनों में कह रहे हैं कि सौरभ भारद्वाज को जेल में डालेंगे, आतिशी को जेल में डालेंगे।

उन्होंने कहा कि कल में 12 बजे अपने सभी बड़े नेताओं के साथ एमएलए, एमपी सबके साथ कल 12 बजे बीजेपी हेडक्वार्टर आ रहा हूं। जिस-जिस को आप जेल में डालना चाहते हो आप जेल में डाल दो, एक साथ जेल में डाल दो। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आपको लगता है कि आप आम आदमी पार्टी के नेताओं को जेल में डालकर आम आदमी पार्टी को क्रश कर सकते हैं। ऐसे आम आदमी पार्टी क्रश नहीं होने वाली, आम आदमी पार्टी एक विचार है, जो पूरे देश के अंदर लोगों के दिल में चला गया है। आम आदमी पार्टी के जितने नेताओं को जेल में डालोगे उससे 100 गुना नेता ये देश पैदा करेगा।