उत्तराखंड: चर्च में तोड़फोड़, 250 लोगों पर केस दर्ज

उत्तराखंड: चर्च में तोड़फोड़, 250 लोगों पर केस दर्ज
picture courtesy amarujala.com

रुड़की:उत्तराखंड में रुड़की के चर्च में धर्मांतरण कराने का आरोप लगाते हुए सैकड़ों लोगों ने सुबह प्रार्थना कर रहे लोगों पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।अमर उजाला की खबर के अनुसार चर्च में जमकर तोड़फोड़ करते हुए लूटपाट की गई। हमलावरों ने महिलाओं और बुजुर्गों को भी नहीं बख्शा। मारपीट में आठ लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने देहरादून रेफर कर दिया।
चर्च में हमले की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन फानन भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक हमलावर भाग निकले। तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। ईसाई धर्म के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर हमलावरों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग उठाई।
250 लोगों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज
तहरीर के आधार पर पुलिस ने भाजयुमो, भाजपा ओबीसी मोर्चा, विहिप और भाजपा महिला मोर्चा के नेताओं समेत ढाई सौ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित सोलानीपुरम में एक चर्च है। रविवार सुबह करीब दस बजे ईसाई धर्म के लोग यहां प्रार्थना कर रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी बीच करीब ढाई सौ लोगों ने धर्मांतरण कराने का आरोप लगाते हुए लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमलावरों ने कुर्सी, खिड़की, बाइक और फर्नीचर में तोड़फोड़ कर दी। साथ ही सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और डीबीआर चोरी कर ले गए। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों से भी मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं से पर्स, मोबाइल और अन्य सामान लूट लिया।