पार्टी के लिए मुसीबत खड़ी कर रहे विधायक पर बीजेपी कर सकती है कार्रवाई

पार्टी के लिए मुसीबत खड़ी कर रहे विधायक पर बीजेपी कर सकती है कार्रवाई
बंशीधर भगत (File Pic)

देहरादून: सत्र के दौरान अपनी ही सरकार को कठघरे में खड़ा कर पार्टी के लिए मुसीबत बने लोहाघाट से भाजपा विधायक पूरन फर्त्याल पर भाजपा कार्रवाई कर सकती है। फर्त्याल ने बुधवार को विधानसभा सत्र के दौरान सदन में कार्य स्थगन प्रस्ताव की सूचना लगाकर संगठन और सरकार दोनों को असहज कर दिया। विधायक की इस बेबाकी को पार्टी अनुशासनहीनता के तौर पर देख रही है। माना जा रहा है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत इस मामले में एक्शन ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह शुक्रवार को इस मामले में अपना रुख साफ करेंगे। पार्टी फर्त्याल का जवाब तलब कर सकती है। 
टनकपुर-जौलजीवी सड़क के टेंडर के मुद्दे पर उन्होंने इस मामले में सरकार और शासन के अफसरों की भूमिका पर सवाल उठाए थे। उनके इस आचरण पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भगत ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। जिसका तत्काल जवाब न देकर फर्त्याल ने पार्टी अध्यक्ष को अपना पक्ष रखने के लिए लंबा इंतजार कराया। पार्टी कार्यालय पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष ने फर्त्याल को ताकीद किया था कि वे ऐसा कोई भी बयान या आचरण न करें, जिससे सरकार और संगठन की छवि प्रभावित हो। तब यह मान लिया गया था कि फर्त्याल नरम पड़ गए हैं। लेकिन उनके रुख में कोई नरमी नहीं आई। 
सूत्रों के मुताबिक इस बीच फर्त्याल ने संगठन के केंद्रीय नेताओं से भी शिकायत कर डाली। उन्होंने एलान किया कि वह अब विधानसभा में इस मामले को उठाएंगे। एक दिन के सत्र में फर्त्याल ने कार्य स्थगन प्रस्ताव की सूचना देकर सरकार को असहज कर दिया। हालांकि उनकी सूचना ठुकरा दी गई। लेकिन सदन में फर्त्याल ने अपनी ही सरकार पर सवाल उठाए। सदन से बाहर भी उन्होंने सरकार के भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस की नीति पर प्रहार किए। उनके इस आचरण को सरकार और संगठन के स्तर पर अनुशासनहीनता के तौर पर देखा जा रहा है।
विधायक पूरन फर्त्याल का मामला संगठन के संज्ञान में है। पार्टी इससे सहमत नहीं है। शुक्रवार को मैं पार्टी का रुख साफ करूंगा। - बंशीधर भगत, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा