कर्नल कोठियाल ने 'आप' को अलविदा कहा

कर्नल कोठियाल ने 'आप' को अलविदा कहा

देहरादून : आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता कर्नल अजय कोठियाल ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्‍होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को अपना त्याग पत्र भेजा है। अपने इस्तीफे को लेकर उन्होंने कहा कि त्यागपत्र पूर्व सैनिकों, पूर्व अर्धसैनिकों, बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बुद्धिजीवियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए दिया है। कोठियाल के बाद आम आदमी पार्टी के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष भूपेश उपाध्याय ने भी इस्तीफा दे दिया है।
इस वर्ष उत्‍तराखंड विधान सभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्यमंत्री पद का चेहरा रहे कर्नल अजय कोठियाल ने उत्‍तरकाशी जनपद की गंगोत्री विधानसाभ सीट से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में कर्नल कोठियाल अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए थे। उन्‍हें मात्र 6,161 वोट मिले थे। अगर वोट प्रतिशत की बात करें तो उन्‍हें मात्र 10.33 वोट मिले थे।
कर्नल (सेनि) अजय कोठियाल उत्‍तराखंड के टिहरी गढ़वाल जनपद के नरेंद्रनगर ब्लाक के चौपा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने भारतीय सेना में 26 वर्ष तक सेवा दी। वह वर्ष 1992 को गढ़वाल राइफल की 4वीं बटालियन में सेकेंड लेफ्टिनेंट के पद पर शामिल हुए थे। इस दौरान उन्‍हें कई मेडल से नवाजा गया। उन्‍होंने 29 अगस्त 2018 को सेना से स्वैच्छिक सेवानिवृति ली। 19 अप्रैल 2021 में आम आदमी पार्टी (आप) की सदस्यता ली और आज 18 मई 2022 को पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।