उत्तराखंड: कोर्ट के आदेश पर मेयर के खिलाफ महिला से छेड़खानी का केस दर्ज

उत्तराखंड: कोर्ट के आदेश पर मेयर के खिलाफ महिला से छेड़खानी का केस दर्ज
सांकेतिक तस्वीर

रुड़की: रुड़की के मेयर गौरव गोयल के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने महिला से छेड़खानी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, मेयर के भाई समेत पांच अन्य लोगों पर भी महिला से मारपीट का केस दर्ज किया गया है। महिला ने दो महीने पहले मेयर पर कैंप कार्यालय में बुलाकर छेड़खानी करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने एक महीने से भी ज्यादा समय बीतने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया था। इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। शुक्रवार को कोतवाली गंगनहर पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मेयर गौरव गोयल सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला ने दिसंबर 2020 में मेयर गौरव गोयल के खिलाफ तहरीर देकर आरोप लगाया था कि मेयर के घर पर उसके पति काम करते थे। 22 दिसंबर को मेयर ने पति को घर बुलाया था। इस बीच पति के खिलाफ झूठा केस दर्ज करवा जेल भिजवा दिया था। आरोप था कि मेयर ने 25 दिसंबर को एक व्यक्ति से संदेश भिजवाया कि अगर वह पति को छुड़ाना चाहती है तो कैंप कार्यालय पर आकर मिले।
इस पर वह अपनी सास के साथ मेयर के कैंप कार्यालय पहुंची। आरोप है कि कैंप कार्यालय में मेयर ने सास को बाहर बैठा दिया था और उससे अकेले में बात करने को कहा। महिला ने आरोप लगाया था कि मेयर ने पति को जेल से छुड़ाने के बहाने छेड़खानी की थी। विरोध करने पर मेयर के भाई और अन्य लोगों ने मारपीट की थी।
वह किसी तरह जान बचाकर भागी थी। महिला ने मामले में पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस महिला के पति पर दर्ज मुकदमे के साथ ही महिला की तहरीर में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही थी। इसी बीच महिला कोर्ट चली गई। बृहस्पतिवार को कोर्ट ने पुलिस को केस दर्ज करने के आदेश दिए। कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि मेयर गौरव गोयल के खिलाफ छेड़खानी, मेयर के भाई राजीव गोयल निवासी पुरानी तहसील, मेयर के पीए आलोक सैनी निवासी शेरपुर, सार्थक गोयल निवासी आवास विकास कॉलोनी, मनोज कश्यप निवासी सुनहरा, अनुज सिंह निवासी गांव मेहवड़ के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।