जानिये किसे मिला इस वर्ष का रीता शर्मा स्मृति सम्मान

जानिये किसे मिला इस वर्ष का रीता शर्मा स्मृति सम्मान

देहरादून: प्रसिद्ध शिक्षिका और कवयित्री रीता शर्मा की 17वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। स्वाधीनता सेनानी कवि राम शर्मा प्रेम की पुत्री रीता शर्मा का 26 अप्रैल 2006 को निधन हो गया था। वह निर्भीक कवयित्री थीं। हर साल उनकी स्मृति मे रीता शर्मा स्मृति सम्मान प्रदान किया जाता है। 
इस साल यह सम्मान रंगकर्मी एवं संस्कृतिकर्मी सुशील यादव को दिया गया। यह जानकारी जनकवि डा. अतुल शर्मा ने दी। जनकवि डा.अतुल शर्मा ने उन्हें शाल व पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया। सुशील यादव ने युगांतर नाट्य संस्था के साथ नाटक कबिरा खड़ा बाजार में कबीर का सजीव अभिनय किया था। कोर्ट मार्शल नाटक में भी उनकी मुख्य भूमिका थी। उन्होंने कई अन्य नाटक व टेली फिल्मों में भी अभिनय किया। डा. अतुल शर्मा के भी बहुत से जनगीत उन्होंने प्रस्तुत किये हैं। अतुल शर्मा की लम्बी कविता बादशाह गश्त पर है का एकल अभिनय करके उन्होंने अपने प्रशंसकों को चौंका दिया था। वे आज भी अभिन्य क्षेत्र में सक्रिय हैं। 
अतुल शर्मा ने बताया कि पिछले कई सालों से यह सम्मान दिया जाता रहा है। इससे पहले यह पुरस्कार लोकगायिका संगीता ढौंडियाल, अंतरराष्ट्रीय शूटर दिलराज कौर, रानू बिष्ट, लेखिका डौली डबराल, डॉ. अनिल रतूड़ी, जय कृष्ण पैन्यूली, निशांत थपलियाल, दुर्गा नौटियाल, कवि प्रबोध उनियाल, जहूर आलम और रंगकर्मी पूनम उनियाल शर्मा को मिल चुका है।