राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू ने छठ पूजा के महापर्व के संपन्न होने पर चंडीगढ़ सेक्टर 42 लेक पर चलाया सफाई अभियान
चंडीगढ़– उगते सूरज को अर्घ्य देने के साथ ही आज चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व संपन्न हो गया। छठ पूजा के पावन समापन के अवसर पर राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू ने सेक्टर-42 लेक, चंडीगढ़ में एक विशाल सफाई अभियान का नेतृत्व किया, जहाँ बिहार और पूर्वांचल से आए 80 हज़ार से अधिक श्रद्धालुओं ने चार दिवसीय भव्य पर्व के दौरान पूजा-अर्चना की थी। पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित छठ पूजा समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू के नेतृत्व में लगभग 200 वॉलंटियर्स ने पूजा के दौरान उत्पन्न कचरे को साफ कर लेक की सफाई और स्वच्छता बहाल करने के लिए अभियान चलाया। सांसद ने स्वयं झाड़ू लेकर लेक के किनारों पर पड़े बिखरे हुए कचरे को इकट्ठा करने में वॉलंटियर्स की मदद की ताकि क्षेत्र को पूरी तरह से स्वच्छ बनाया जा सके।

सुबह लगभग 9 बजे शुरू हुआ यह सफाई अभियान दोपहर तक जारी रहा। इस दौरान सांसद और वॉलंटियर्स ने लेक और उसके आस-पास की जगहों, सीढ़ियों, पार्कों और पार्किंग स्थल की सफाई की। इस अवसर पर, उन्होंने सफाई कर्मचारियों को फूलमाला पहना कर उनके बहुमूल्य योगदान के लिए सम्मानित भी किया। राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू ने पूर्वांचल और बिहार के लोगों को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “छठ पूजा प्रकृति की पूजा है। इस चार दिवसीय अनुष्ठान के दौरान हमने अपनी महान परंपरा की एक झलक देखी, जो समर्पण, आस्था और स्वच्छता का अद्भुत उदाहरण है। मैं इस महान परंपरा को नमन करता हूं और छठी मइया से प्रार्थना करता हूं कि वे सभी भक्तों, पूजकों और उनके परिवारों को सुख और अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद दें जिन्होंने इस पवित्र उत्सव में भाग लिया।”

उन्होंने कहा ,“पूर्वांचल से आने वाले लोगों ने शहर को सुंदर बनाने में बड़ी भूमिका निभाई है। हमारे पूर्वांचल के इन भाइयों और बहनों ने सेक्टर 42 लेक पर छठ पूजा का अपना त्योहार मनाया है, अब शहर के नागरिक के तौर पर यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी है कि हम इस जगह की सफाई को बहाल करें। इसलिए हम वॉलंटियर्स की टीम के साथ सेक्टर 42 लेक और उसके आसपास के इलाके की सफाई करने के लिए यहां आए हैं।” लोगों से इलाके और ‘सिटी ब्यूटीफुल’ चंडीगढ़ को साफ रखने की अपील करते हुए, सांसद ने कहा, “जब हम स्वच्छ भारत मिशन के 10 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच ने एक साफ और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार किया है। एक साफ, हरा-भरा और सशक्त भारत बनाने के लिए हमे पीएम मोदी के दिखाए रास्ते पर चलते रहना चाहिए। हम सब मिलकर अपनी आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ भारत बना सकते हैं।” वालंटियर्स की एक्टिव भागीदारी से, राज्यसभा संसद सतनाम सिंह संधू पिछले चार सालों से लगातार चंडीगढ़ में ऐसे सफाई अभियान चला रहे हैं ताकि सिटी ब्यूटीफुल को सुंदरता और सफाई में नंबर वन बनाया जा सके।

सांसद सतनाम सिंह संधू ने कहा, “हमने म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के साथ मिलकर चंडीगढ़ को सबसे साफ़ शहर बनाने के लिए बहुत मेहनत की है। इन कोशिशों का परिणाम है कि 2023 की रैंकिंग में शहर 11वें नंबर 2024-25 के स्वच्छ सर्वे रैंकिंग में चंडीगढ़ ‘बड़े शहरों’ में दूसरा सबसे साफ़ शहर बना। इसलिए हम कड़ी मेहनत करते रहेंगे और तब तक नहीं रुकेंगे जब तक चंडीगढ़ स्वच्छ सर्वे रैंकिंग में देश में पहले नंबर पर न आ जाए। अपनी इस ज़िम्मेदारी को समझते हुए, हमने आज यह सफ़ाई अभियान चलाया ताकि शहर के हर नागरिक को यह सन्देश मिले कि वे अपने आस-पास और पब्लिक जगहों को साफ़ रखने में एक्टिव रहें।” इस मौके पर, पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों, जिनमें चेयरमैन राजेंद्र सिंह, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट यूके सिंह और जनरल सेक्रेटरी भोला राय शामिल थे, ने राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू को सफ़ाई अभियान के लिए सम्मानित किया।