विधानसभा में 11 हजार किमी लंबी सड़कें कटवाई हैं: थराली विधायक मुन्नी देवी शाह

विधानसभा में 11 हजार किमी लंबी सड़कें कटवाई हैं: थराली विधायक मुन्नी देवी शाह
मुन्नी देवी शाह (फोटो: शोसल मीडिया)

थराली (मोहन गिरी): उत्तराखंड में 2022 विधानसभा चुनावों को अब कुछ ही समय बचा है। चुनाव नजदीक आते ही अब दावेदारों से लेकर वर्तमान जनप्रतिनिधियों तक सभी अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्रों के भ्रमण कर अपनी पैठ मजबूत करने में जुटे हैं। थराली में भी इन दिनों जहां सत्ता पक्ष की विधायक मुन्नीदेवी शाह गांव - गांव जाकर उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्यो को गिनाते हुए अपनी दावेदारी मजबूत कर रही हैं तो वहीं मंडल इकाइयों से लेकर युवा मोर्चे की बैठकों में भी सम्मिलित होकर पार्टी को मजबूत करने में जुटी हुई हैं ताकि 2022 की राह आसान हो सके। कुछ इसी तरह थराली से कांग्रेस के पूर्व विधायक और 2018 के उपचुनाव में विधायक मुन्नीदेवी शाह के निकट प्रतिद्वंद्वी रहे डॉ जीतराम भी अब लगातार थराली विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण कर जहां अपने कार्यकाल के विकास कार्यो को भुनाने की कोशिश में जुटे हैं। साथ ही वर्तमान विधायक पर भी आरोप लगाने से पीछे नही हट रहे। थराली में पिछले 10 वर्षों में हुए विकास कार्यो को लेकर अब दोनों ही नेताओ के बीच जुबानी जंग से थराली की राजनीति में फिर एक बार गहमागहमी शुरू हो गयी है। 
11 हजार किमी नई सड़क बनकर तैयार हुई हैं: मुन्नी देवी शाह
वहीं पूर्व विधायक के इन आरोपों पर जवाब देते हुए थराली विधायक मुन्नीदेवी शाह ने कहा कि कांग्रेस और पूर्व विधायक डॉ जीतराम उनके कार्यकाल में विकास कार्यो को देखकर बौखलाहट में हैं। थराली विधायक मुन्नीदेवी शाह ने कहा कि उनके कार्यकाल में 11 हजार किमी नई सड़क बनकर तैयार हुई हैं। आपदा में बहे कई पुलों को मुख्यमंत्री की घोषणा में रखने के साथ ही इन पुलों को वित्तीय स्वीकृति तक मिल गयी है। जिन पर बरसात के तुरंत बाद कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। ,विधायक शाह ने कहा कि नारायणबगड़ में महाविद्यालय की स्थापना के साथ ही इसी साल से देवाल में भी महाविद्यालय की स्थापना करना उनकी प्राथमिकता में है साथ ही उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में थराली विधानसभा में सड़कों का जाल बिछाया गया है और अब लगभग शत प्रतिशत गांव सड़क मार्ग से जुड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि अभी कई पुलों की स्वीकृति मिली है जिन्हें वर्ल्ड बैंक और लोक निर्माण विभाग से कार्य प्रारंभ कराया जाएगा साथ ही उन्होंने कहा कि अगर डॉ जीतराम विकास कार्यो को लेकर उनपर आरोप लगा रहे हैं तो वे भी अपने कार्यकाल के शासनादेश जनता के बीच लेकर जाएं और वे भी अपने कार्यकाल के शासनादेश और उन शासनादेशों पर प्रारम्भ निर्माण कार्यो को लेकर जनता के बीच जाएंगी फिर जनता ही निर्णय करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि 2017 से 2021 तक थराली में ढेरों विकास कार्य हुए हैं बीजेपी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास के नए आयाम छुए हैं इसलिए जनता फिर से 2022 में थराली में बीजेपी का विधायक और उत्तराखंड में बीजेपी की सरकार बनाने जा रही है।
हितैषी ठेकेदारों के बांड बनवाने तक ही सिमट कर रह गयी है भाजपा: डॉ. जीतराम
बीते दिनों मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस के पूर्व विधायक डॉ जीतराम ने थराली विधायक मुन्नीदेवी शाह पर विधानसभा क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि विधायक मुन्नीदेवी शाह से थराली विधानसभा नही संभल पा रही है। उन्होंने कहा कि विधायक मुन्नीदेवी शाह उनके कार्यकाल में जारी शासनादेशों पर विकास का एक कदम भी आगे नहीं बढ़ा पाई है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जिन सड़कों के निर्माण को वर्तमान विधायक अपनी उपलब्धि बता रही हैं उन सड़कों की कटिंग उनके कार्यकाल में हुए हैं जिसका शासनादेश तक दिखाने को वे तैयार हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि बीजेपी उनके कार्यकाल में नई कटी सड़कों के शिलान्यास पटों पर अपना नाम लिखवाने में जुटी है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में जितने भी विकास कार्य हुए वर्तमान सरकार उन कार्यो को आगे नही बढ़ा सकी। फिर उन कार्यो में चाहे नई बनी तहसीलों में तहसीलदारों की नियुक्ति हो फिर चाहे आपदा में बहे पुलों के एवज में नए पुलों के निर्माण के  शासनादेश। बीजेपी इन शासनादेशों पर कोई कार्यवाही नही कर पाई है उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान विधायक केवल अधिकारियों से अपने हितैषी ठेकेदारों के बांड बनवाने तक ही सिमट कर रह गयी है। 
बहरहाल सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच चल रही इस जुबानी जंग और आरोप प्रत्यारोप के बीच थराली विधानसभा में राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ने लगी हैं अब देखना ये होगा कि सत्ता पक्ष के विधायक और विपक्ष के पूर्व विधायक दोनों ही एक दूसरे के चैलेंज का किस तरह जवाब देते हैं। 2022 का चुनाव भले ही किसी के भी पक्ष में जाये लेकिन चुनाव से पहले थराली विधानसभा की राजनीति फिर एक बार गर्माने लगी है और विकास कार्यो पर वोट की उम्मीद रखे दोनों ही दल के नेताओ ने जनता की बीच जाकर विकास कार्यो को गिनाने का मन बना लिया है। देखें वीडियो