उत्तराखंड:वंदना और नीरज नाम के लोगों को यहां मिलेगी रोपवे की फ्री ट्रिप

उत्तराखंड:वंदना और नीरज नाम के लोगों को यहां मिलेगी रोपवे की फ्री ट्रिप
उत्तराखंड:वंदना और नीरज नाम के लोगों को यहां मिलेगी रोपवे की फ्री ट्रिप

हरिद्वार: टोक्यो ओलंपिक की हॉकी स्टार वंदना कटारिया और गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा के सम्मान में हरिद्वार में उषा ब्रेको कंपनी वंदना और नीरज नाम के यात्रियों से 11 से 22 अगस्त तक रोपवे से चंडी देवी मंदिर की यात्रा करने पर कोई किराया नहीं लेगी। नजीबाबाद हाईवे के ऊपर नील पर्वत पर स्थित सिद्ध पीठ मां चंडी देवी का मंदिर है। मंदिर तक करीब छह किलोमीटर पर्वत का सफर करने के लिए उषा ब्रेको लिमिटेड कंपनी की ओर से रोपवे का संचालन किया जाता है। उषा ब्रेेको प्रबंधन ने टोक्यो ओलंपिक में भाला फेंक में नीरज चोपड़ा की ओर से गोल्ड मेडल जीतने और गोलों की हैट्रिक लगाकर इतिहास रचने वाली रोशनाबाद गांव की बेटी वंदना कटारिया के सम्मान में  ये पहल की है। 
कंपनी के उत्तरी क्षेत्र के प्रमुख मनोज डोभाल ने बताया कि नीरज व वंदना के नाम पुरुष व महिला अपना आधार कार्ड दिखाकर मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने बताया कि दोनों खिलाड़ियों ने देश नाम विश्वभर में रोशन किया है। इसी की खुशी में कंपनी ने उन्हें सम्मान देने के लिए यह कदम उठाया है। 
बुधवार को हरिद्वार आएंगी वंदना
भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया बुधवार को अपने हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित घर पहुंच रही हैं। वह जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह आठ बजे पहुंचेंगी। वहां से वे सीधे अपने गांव जाएंगी। दिनभर परिवार के साथ रहने के बाद वह वापस लौट जाएंगी।
वंदना कटारिया के भाई पंकज कटारिया ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि वंदना के स्वागत में परिवार के सभी सदस्य जौलीग्रांट एयरपोर्ट जाएंगे। जहां वंदना का जोरदार स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वंदना के परिवार के साथ एक ही दिन रहने की संभावना है।बताया कि जौलीग्रांट एयरपोर्ट से वंदना मुख्यमंत्री के यहां भी जा सकती हैं, लेकिन अभी इसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।