उत्तराखंड दिवस: सीएम ने किया शहीदों को नमन, राज्यपाल ने ली परेड की सलामी

उत्तराखंड दिवस: सीएम ने किया शहीदों को नमन, राज्यपाल ने ली परेड की सलामी
उत्तराखंड दिवस: सीएम ने किया शहीदों को नमन, राज्यपाल ने ली परेड की सलामी

देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी देहरादून के पुलिस लाइन में मुख्य परेड आयोजित की गई। कार्यक्रम में 
मुख्य अतिथि राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, डीजीपी अनिल रतूड़ी और डीजी कानून व्यवस्था अशोक कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री, राज्यपाल, डीजीपी और डीजी कानून व्यवस्था ने परेड का निरीक्षण किया। जिसके बाद विजय धुन पर शानदान परेड का आगाज हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विकास पुस्तिका का विमोचन किया। बता दें कि पुलिस लाइन आने से पहले मुख्मंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कचहरी स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को नमन किया। वहीं शहीद स्मारक पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी भी कर रहे थे

महिलाओं की समृद्धि पर सरकार का ध्यान
पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि किसानों और महिलाओं की समृद्धि पर सरकार का ध्यान है। किसी भी प्रदेश के लिए 20 वर्ष का समय न ज्यादा है न कम है। लेकिन इन 20 वर्षों में प्रदेश अन्य प्रदेशों से बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार किसानों और महिला समूहों के विकास के लिए बड़ा कार्य कर रही है। किसानों को बिना ब्याज के पहले एक लाख का ऋण दिया जाता था, इसे अब बढ़ा कर तीन लाख रुपये करने जा रहे हैं।

परेड के बाद 15 अगस्त को पदक की घोषणा वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को पदक भी लगाए गए। कोविड नियमों का पालन करते हुए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केवल छह दस्तों ने ही परेड में भाग लिया। परेड के दौरान पुलिस जवानों के बीच छह फीट की दूरी रखी गई। इसके अलावा उनके हथियारों को भी सैनिटाइज किया गया।

भराड़ीसैंण में होगा भव्य समारोह

दोपहर साढ़े 12 बजे मुख्यमंत्री देहरादून से गैरसैंण के लिए रवाना होंगे। वह भराड़ीसैंण स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद विधानसभा परिसर में आयोजित स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वह कुछ घोषणाएं भी कर सकते हैं। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम भराड़ीसैंण में ही करेंगे। अगले दिन वह सुबह सात बजे सारकोट गांव पहुंचेंगे, जहां से वह पैदल दूधातोली पहुंचकर पेशावर कांड के नायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। दोपहर में वह भराड़ीसैण में विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे।