उत्तराखंड: मैदान बारिश से तो पहाड़ बर्फबारी से गुलजार

उत्तराखंड: मैदान बारिश से तो पहाड़ बर्फबारी से गुलजार
उत्तराखंड: मैदान बारिश से तो पहाड़ बर्फबारी से गुलजार

देहरादून:उत्तराखंड में शनिवार रातभर मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होती रही। जिसके बाद अब कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजधानी देहरादून सहित राज्यभर में रविवार को भी मौसम खराब बना हुआ है। चकराता, मसूरी, धनोल्टी, औली सहित लगभग सभी ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। रविवार सुबह कुछ देर जब बादल हटे तो देहरादून से बर्फ से ढकी वादियों का नजारा साफ दिखा, लेकिन फिर से बादल छा गए। नैनीताल की ऊंची चोटियां भी बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं। 
चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ सहित अन्य जिलों में ऊंचाई वाले इलाके बर्फ से ढके हुए हैं। केदारनाथ, बदरीनाथ, यमुनोत्री व गंगोत्री में भी बर्फबारी हुई है। नई टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंह नगर, हल्द्वानी व आसपास के क्षेत्रों में रात भर से बारिश हो रही है। बर्फबारी से यमुनोत्री हाईवे शनिवार देर रात से कई जगह पर बंद हो गया है। हाईवे फूलचट्टी और राडी टाॅप में बंद हो गया है। मार्ग खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। बारिश-बर्फबारी से रवांई घाटी का जिला मुख्यालय से सम्पर्क कट गया है। गीठ पटटी के बारह गांवों का भी तहसील मुख्यालय से सम्पर्क कट गया है।