प्रदेश में दीपावली बाद मौसम में बदलाव की संभावना 

प्रदेश में दीपावली बाद मौसम में बदलाव की संभावना 
प्रदेश में दीपावली बाद मौसम में बदलाव की संभावना 

देहरादून। दीपावली के बाद प्रदेश में मौसम में बदलाव होने की संभावना है। विशेषकर पांच पर्वतीय जिलों में लगातार दो दिन बारिश और बर्फबारी हो सकती है। दून सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी हल्की बारिश की संभावना है। इससे ठंड में भी बढ़ोतरी होगी। नवंबर महीने की शुरुआत से ही प्रदेश में रात के समय ठंड बढ़ गई है। मगर बारिश नहीं होने के कारण दोपहर में चटख धूप खिलने से मौसम शुष्क है। दीपावली के बाद प्रदेश में मौसम में बदलाव की संभावना बताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार 14 नवंबर को दीपावली के दिन तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मगर गोवर्धन पूजा और भैया दूज को 15 नवंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की भी संभावना है। वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार जिलों में अनेक जगह बहुत हल्की बारिश हो सकती है। 16 नवंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों में हल्की बारिश हो सकती है।