तिहाड़ जेल में बंद AAP नेता सत्येंद्र जैन की बिगड़ी तबीयत, सफदरजंग अस्पताल कराया गया भर्ती

तिहाड़ जेल में बंद AAP नेता सत्येंद्र जैन की बिगड़ी तबीयत, सफदरजंग अस्पताल कराया गया भर्ती


मनी लॉन्ड्रिंग मामले में करीब एक साल से तिहाड़ जेल में बंद आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हाल ही में उन्होंने अपने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल किया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि, उनका वजन 30 किलो कम हो गया है। सत्येंद्र जैन 31 मई 2022 से हिरासत में हैं।

इसको लेकर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह और दिल्ली सरकार के मंत्री दोपहर 2:00 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करने वाले हैं। सुप्रीम कोर्ट में सत्येंद्र जैन की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान 18 मई को ही उनके वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने जैन के स्वास्थ्य का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कोर्ट से कहा था कि जैन की तबियत ठीक नहीं है और वह कंकाल जैसे नजर आ रहे हैं।

जैन ने जेल नंबर 7 के सुपरिन्टेंडेंट से पत्र लिखकर अपील की वे अकेलेपन की वजह से डिप्रेशन का शिकार हो रहे हैं। इसलिए उनके साथ दो अन्य कैदियों को रखा जाए। जिसके बाद दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की मांग पर उनके सेल में दो कैदी भेजने पर तिहाड़ जेल प्रशासन ने जेल सुपरिन्टेंडेंट को कारण बताओ नोटिस भेजा है।

जैन पर कथित आरोप हैं कि उन्होंने दिल्ली में कई शेल कंपनियां बनाई या खरीदी थीं। उन्होंने कोलकाता के तीन हवाला ऑपरेटर्स से 54 शेल कंपनियों के जरिए 16.39 करोड़ का काला धन भी ट्रांसफर किया। जैन के पास प्रयास, इंडो और अकिंचन नाम की कंपनियों में बड़ी संख्या में शेयर थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, 2015 में केजरीवाल सरकार में मंत्री बनने के बाद जैन के सभी शेयर उनकी पत्नी के नाम कर दिए गए थे।

गौरतलब है कि, 57 साल के जैन को 30 मई को गिरफ्तार किया गया था। आय से अधिक संपत्ति और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में जैन, उनकी पत्नी पूनम जैन और अन्य पर मामला दर्ज किया।