अमृत काल हरियाणा में आपातकाल से कम नहीं : चित्रा सरवारा

अमृत काल हरियाणा में आपातकाल से कम नहीं : चित्रा सरवारा

आम आदमी पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा सरवारा ने कहा कि प्रदेश में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। पिछले दिनों पानीपत में दो डेरों में तीन महिलाओं के साथ जघन्य अपराध किया गया और एक महिला की पीटकर हत्या कर दी गई थी। करनाल में एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई और सोनीपत में नर्सिंग की छात्रा पर गोलियां बरसाई गई। वे आज यहां पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। उन्होंने कहा कि आज अंबाला में भी टांगरी नदी पर एक शव मिला है, जिसकी धारदार हथियार से हत्या की गई है। इससे पता चलता है कि प्रदेश में अपराधियों के हौंसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि जहां हरियाणा बेरोजगारी में नंबर वन है, वहीं अब अपराध में भी हरियाणा नंबर वन बनने की ओर अग्रसर है। प्रदेश स्तर के आंकड़े बताते हैं कि हरियाणा में 3-4 मर्डर प्रतिदिन होते हैं, मर्डर रेट में हरियाण देश में नंबर दो पर है। वहीं एक दिन में 4-5 रेप की घटनाएं हरियाणा में हो रहे हैं। रेप रेट में भी हरियाणा दूसरे स्थान पर है। हरियाणा में प्रतिदिन 10 अपहरण हो रहे हैं, इस मामले में हरियाणा देश में तीसरे स्थान पर है।
उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में न बेटियां सुरक्षित हैं और न व्यापारी, हर वर्ग अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने गृहमंत्री अनिल विज और मुख्यमंत्री खट्टर से प्रदेश की जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।