सीएम सैनी की अधिकारियों को चेतावनी, ‘कार्यकर्ता काम करवाने आता है तो उसका काम करें, टालमटोल की तो देना होगा जवाब’
हरियाणा में वोट डल चुके हैं लेकिन साथ लगते पंजाब में अभी वोटिंग होनी है। इसलिए अब हरियाणा के नेता पंजाब में प्रचार के लिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी भी पंजाब में प्रचार के लिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में वो फतेहाबाद पहुंचे और वहां से पंजाब में प्रचार के लिए जा रहे थे ।पंजाब जाने से पहले फतेहाबाद के टोहाना पहुंचे यहां उन्होंने मीडिया से बात करते हुए दावा किया कि हरियाणा में बीजेपी एक विधानसभा और 10 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करने जा रही है। उन्होंने कहा कि सिरसा में बीजेपी बड़े मार्जिन के साथ जीतेगी।

पंजाब पर बोलते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि पंजाब में सरकार चाहे कांग्रेस की रही हो, अकाली दल की रही हो या आम आदमी पार्टी की, जनता का हमेशा शोषण ही हुआ है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता भी समझ चुकी है और बीजेपी को वोट देने के लिए तैयार है। सीएम नायब सैनी ने कहा कि पंजाब की जनता पीएम मोदी के 400 पार के नारे में सहयोग करने का मन बना चुकी है ।

इसी दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हरियाणा के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि 4 जून के बाद बीजेपी का कोई भी कार्यकर्ता काम करवाने के लिए आता है तो अफसर उसका काम करें। बीजेपी के कार्यकर्ता लोगों के काम के लिए ही अधिकारियों के पास जाते हैं। ऐसे में किसी ने काम करने में टाल मटोल किया तो उसका जवाब लिया जाएगा। सीएम सैनी ने कहा कि चुनाव के दौरान कुछ अधिकारियों की शिकायत आई है, जिसकी रिपोर्ट ली जा रही है, उन अधिकारियों को जवाब देना पड़ेगा।

सीएम सैनी ने कांग्रेस पर सियासी वार करते हुए कहा कि कांग्रेस का ढांचा भ्रष्टाचार में है, जो 2029 चुनाव में ढह जाएगा। अब लोगों का मोह कांग्रेस से भंग हो चुका है और देश में तीसरी बार नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने पिछली बार 2019 चुनाव में भी 10 की 10 लोकसभा सीट जीतने का दावा किया था, लेकिन वो जीरो पर सिमट गई थी।