हरियाणा में ACP के सैल्यूट पर भड़के जज:2 उंगलियों से किया; पूछने पर बोला अधिकारी- शर्ट टाइट थी

हरियाणा में ACP के सैल्यूट पर भड़के जज:2 उंगलियों से किया; पूछने पर बोला अधिकारी- शर्ट टाइट थी

हरियाणा के गुरुग्राम की कोर्ट में ACP के सैल्यूट पर जज भड़क गए। 2 उंगलियों से सैल्यूट करने पर जज ने सवाल उठाया। इस पर पुलिस अधिकारी ने जवाब दिया, लेकिन जज संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने पुलिस कमिश्नर को ACP के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। फिलहाल मामले की जांच DCP करण गोयल को सौंपी गई है।

मामला ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास विक्रांत की कोर्ट का है। 8 फरवरी को ACP नवीन शर्मा अपनी टीम के साथ धोखाधड़ी के एक केस में गिरफ्तार आरोपी अनिल को कोर्ट में पेश करने पहुंचे थे। कोर्ट में आरोपी को पेश करने के बाद जब ACP लौटने लगे तो उन्होंने जज को सैल्यूट किया।

ठीक से सैल्यूट न करने पर जज ने उठाए सवाल
उनके सैल्यूट करने का तरीका जज को नियमानुसार नहीं लगा। असल में ACP ने कोर्ट से लौटते समय जज विक्रांत को दो उंगलियों से सैल्यूट किया। जज ने जब इस तरह सैल्यूट करने के तरीके पर सवाल किया तो ACP ने बताया कि उन्होंने 3 तरीके से सैल्यूट करने के बारे में सीखा है।

जब जज उनके जवाब से संतुष्ट नहीं हुए तो उन्होंने फिर से बताया कि उनकी शर्ट टाइट थी। इसके चलते वह ठीक से सैल्यूट नहीं कर पाए।

जज ने बताया ACP को रूल
इसके बाद जज ने पंजाब पुलिस रूल्स 1934 का हवाला दिया। ACP को बताया कि जब कोर्ट में कार्यवाही चल रही तो पुलिस अधिकारी को जज को सैल्यूट करना जरूरी है। उस समय चाहे अदालत में अध्यक्षता करने वाले न्यायिक अधिकारियों की रैंक या स्थिति कुछ भी हो।

DCP को सौंपी गई जांच
जज ने इस मामले में ACP नवीन शर्मा के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जज की ओर से कहा गया है कि उन्हें नियमों और प्रोटोकॉल के बारे में जागरूक करते हुए उचित रूप से प्रशिक्षित करने की आवश्यकता है। इस मामले में कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी है। इसके बाद मामले की जांच DCP वेस्ट करण गोयल को सौंपी गई।