‘INDI गठबंधन की डूब रही है नाव, सपा-कांग्रेस ले रही झूठ का सहारा’, पीएम मोदी का प्रयागराज से कांग्रेस पर कड़ा वार

‘INDI गठबंधन की डूब रही है नाव, सपा-कांग्रेस ले रही झूठ का सहारा’, पीएम मोदी का प्रयागराज से कांग्रेस पर कड़ा वार

पीएम मोदी लगातार चुनाव के लिए प्रचार कर रहे हैं। इसी तरह वो प्रयागराज में रैली करने पहुंचे। इस दौरान पीएम मोदी ने इंडिया गठबंधन पर कड़ा सियासी प्रहार किया। पीएम मोदी ने कहा कि सपा शासन काल में इलाहाबाद में दिन-दहाड़े गोली और बम चलते थे। यहां व्यापारी असुरक्षित महसूस करते थे। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार माफिया के महलों को ढहाकर वहां गरीबों के लिए मकान बनवा रही है।

पीएम मोदी इलाहाबाद से बीजेपी प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी और फूलपुर से प्रत्याशी प्रवीण पटेल के लिए वोट मांग रहे थे। पीएम मोदी ने कहा कि वोट बैंक के लालच में ये लोग कुंभ की व्यवस्था ठीक तरीके से नहीं करते थे। पीएम मोदी ने कहा कि 2024 का चुनाव ये तय करेगा कि भारत के भविष्य की त्रिवेणी किस ओर बहेगी।

पीएम ने कहा कि प्रयागराज का मिजाज हर जगह से अलग है। यहां के लोग किसी से दबकर रहते हैं ना किसी से डरकर रहते हैं। जो जिंदादिली मैंने प्रयागराज के लोगों में देखी है वो कम ही देखने को मिलती है। पीएम मोदी ने कहा कि यही मिजाज आज के भारत का मिजाज है। उन्होंने कहा कि भारत आज तेजी से आगे बढ़ रहा है। हर देशवासी खुश है। लेकिन सपा-कांग्रेस और इंडी गठबंधन वालों को यह बात हजम नहीं हो रही है। कांग्रेस के शहजादे भारत को गाली देने के लिए विदेश जाते हैं। इंडी गठबंधन पर सियासी प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन का एजेंडा है कि वो सत्ता में आए तो कश्मीर से आर्टिकल 370 और CAA खत्म कर देंगे।