जावेद अहमद पर फ़र्ज़ी मुकदमा दर्ज किया गया : सुशील गुप्ता

जावेद अहमद पर फ़र्ज़ी मुकदमा दर्ज किया गया : सुशील गुप्ता

आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता और सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अनुराग ढांडा ने रविवार को आप नेता जावेद अहमद पर झूठा मुकदमा दर्ज करने को लेकर खट्टर सरकार को घेरा। डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि भाजपा का मतपब भारतीय जलाओ पार्टी है। पार्टी मणिपुर की तर्ज पर हरियाणा को भी हिंसा की आग में धकेल देना चाहती है। खट्टर सरकार निर्दोष को फंसा कर उनकी छवि खराब करना चाहती है।

उन्होंने कहा कि आप नेता जावेद अहमद घटना के समय पुन्हाना में था, वहीं इसकी सारी रिकॉर्डिंग मुंबई हाईवे के सीसीटीवी कैमरों में दर्ज है। इसमें उनके जाने की वीडियो और अपने रिश्तेदार के यहां पहुंचने के वीडियो भी हैं। डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि सब कुछ झूठ है, बदनाम करने की साजिश है। उन्होंने बताया कि जिस समय की घटना है उस समय से 3 घंटे पहले ही करीब 7 बजे जावेद अहमद सोहना से निकल गया था। वहीं 1 अगस्त को सुबह 8 बजे वापस अपने घर आया था, घटना के समय लगभग 100 किलोमीटर दूर था।
उन्होंने बताया कि बकौल जावेद उनकी लगातार अधिकारियों से बात होती रही।

वहीं समुदाय के लोगों से भी शांति बनाने को लेकर बात चलती रही। वो खुद पुलिस के पास गया और सारे सबूत पुलिस को सौंपे और दोषी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी का नाम लेने से कोई आदमी मुजरिम नहीं बन जाता। आम आदमी पार्टी भी मांग करती है ऐसे कृत्य के जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं आम आदमी पार्टी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अनुराग ढांडा ने कहा कि खट्टर सरकार प्रदेश के लोगों के दिल से उतर चुकी है।