लोकसभा चुनाव 2024 : हिसार से टिकट कटने पर चंद्रमोहन का दर्द छलका, शायराना अंदाज में X पर लिखी पोस्ट

लोकसभा चुनाव 2024 : हिसार से टिकट कटने पर चंद्रमोहन का दर्द छलका, शायराना अंदाज में X पर लिखी पोस्ट

लोकसभा चुनावों के लिए हरियाणा में कांग्रेस ने जब से टिकट आवंटन किया है तब से ही कई नेता खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। हिसार लोकसभा सीट पर भी कई कांग्रेस नेताओं का दिल टूटा है। जिनमें चौधरी वीरेंद्र सिंह, चौधरी बृजेंद्र सिंह शामिल हैं। क्योंकि बृजेंद्र सिंह टिकट की रेस में शामिल थे। लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिल पाई। इसके अलावा चंद्रमोहन भी इस टिकट आवंटन से काफी आहत हुए हैं। क्योंकि वो खुद हिसार लोकसभा सीट से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते थे। और अब उन्होंने अपना दर्द एक्स पर पोस्ट के जरिए जाहिर किया है। जिसमें उन्होंने लिखा-कोशिश आखरी सांस तक करनी चाहिए, मंजिल मिले या तजुर्बा, चीजें दोनों ही नायाब हैं।

हिसार लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने भजनलाल परिवार में से किसी को टिकट नहीं दिया बल्कि जेपी को कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया। इस बात से चंद्रमोहन काफी आहत हैं। और उनका यही दुख एक्स पर पोस्ट के जरिए निकला है।

एक और खास बात, चंद्रमोहन ने एक्स पर डाले अपने पोस्टर में चौधरी भजन लाल, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और कुमारी सैलजा का फोटो तो लगाया है। लेकिन इस पोस्टर में से पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान का फोटो गायब है। इससे साफ है कि चंद्रमोहन ने किसके प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की है। तो साथ ही ये बात ये भी दर्शाती है कि हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी कितनी हावी है।