अब 12 और राज्यों में लागू होगा SIR: बिहार में सफलता के बाद चुनाव आयोग का बड़ा ऐलान
चुनाव आयोग ने देशभर में मतदाता सूची को और अधिक सटीक बनाने के लिए विशेष इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का दूसरा चरण शुरू करने की घोषणा की है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बिहार में इस प्रक्रिया के सफल क्रियान्वयन के बाद अब इसे 12 अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी लागू किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “हमने छठ पर्व के अवसर पर बिहार के 7.5 करोड़ मतदाताओं को नमन किया है। बिहार में SIR के बाद सभी 36 राज्य निर्वाचन आयुक्तों के साथ दो बैठकें हुईं, जिनमें पूरे देश में चल रहे पुनरीक्षण अभियानों के अनुभव साझा किए गए।” मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि अब SIR का दूसरा चरण अंडमान-निकोबार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, पुडुचेरी, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में लागू किया जाएगा। इस अभियान का मकसद योग्य मतदाताओं के नाम जोड़ना और डुप्लिकेट या अयोग्य नामों को सूची से हटाना है।
ज्ञानेश कुमार ने कहा कि इन सभी राज्यों में आज रात 12 बजे से मतदाता सूची फ्रीज कर दी जाएगी। प्रत्येक बूथ पर एक BLO (Booth Level Officer) और हर विधानसभा क्षेत्र में एक ERO (Electoral Registration Officer) तैनात रहेगा। BLO कम से कम तीन बार घर-घर जाकर मतदाताओं से जानकारी जुटाएंगे, जबकि बाहर रहने वाले मतदाता ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे। उन्होंने बताया कि SIR के दूसरे चरण की प्रक्रिया कल से शुरू होगी और फाइनल ड्राफ्ट सूची 7 फरवरी 2026 को जारी की जाएगी। असम को इसमें शामिल न करने के सवाल पर सीईसी ने कहा कि, “असम में नागरिकता के लिए अलग प्रावधान होने के कारण वहां अलग SIR आदेश जारी किया जाएगा।”