भारत में जल्द एंट्री करेगा एलन मस्क का Starlink, बिना नेटवर्क मिलेगा हाईस्पीड इंटरनेट

भारत में जल्द एंट्री करेगा एलन मस्क का Starlink, बिना नेटवर्क मिलेगा हाईस्पीड इंटरनेट

एलन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट कंपनी Starlink अब भारत में कदम रखने के लिए पूरी तरह तैयार है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी देशभर में 9 गेटवे अर्थ स्टेशन स्थापित करने की योजना पर काम कर रही है, जिनमें मुंबई, नोएडा, चंडीगढ़, हैदराबाद, कोलकाता और लखनऊ जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं।

Starlink अपने तेज और स्थिर इंटरनेट कनेक्शन के लिए जानी जाती है, जो मोबाइल नेटवर्क के बिना भी दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में इंटरनेट सुविधा उपलब्ध करवा सकेगी।  रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने अपने पहले Gen-1 सैटेलाइट कॉन्स्टेलेशन के लिए भारत सरकार को आवेदन भेजा है। इसके जरिए वह 600 Gbps क्षमता वाला इंटरनेट उपलब्ध कराने की योजना बना रही है। वहीं, दूरसंचार विभाग (DoT) ने फिलहाल Starlink को डेमो के लिए अस्थायी स्पेक्ट्रम प्रयोग की अनुमति दी है ताकि सुरक्षा जांच की जा सके। सरकार ने कंपनी को केवल 100 यूजर टर्मिनल लाने और फिक्स्ड सैटेलाइट सर्विस देने की मंजूरी दी है।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, सरकार ने स्पष्ट किया है कि कंपनी के अर्थ स्टेशन केवल भारतीय नागरिक ही संचालित करेंगे, जब तक कि गृह मंत्रालय से विदेशी विशेषज्ञों को अनुमति न मिले। इसके अलावा, ट्रायल के दौरान इकट्ठा किया गया सारा डेटा भारत में ही स्टोर किया जाएगा, और कंपनी को 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट DoT और सुरक्षा एजेंसियों के साथ साझा करनी होगी।