IPL 2024 प्लेऑफ का रोमांचः प्लेऑफ के लिए पांच टीमों में लड़ाई, धोनी-कोहली की आमने-सामने टक्कर, कौन मारेगा बाजी ?

IPL 2024 प्लेऑफ का रोमांचः प्लेऑफ के लिए पांच टीमों में लड़ाई, धोनी-कोहली की आमने-सामने टक्कर, कौन मारेगा बाजी ?

दुनिया की सबसे पॉपुलर क्रिकेट लीग इंडियन प्रीमियर लीग सीजन 17 अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। सीजन 17 अपने आखिरी पड़ाव की तरफ बढ़ रहा है। और इस वक्त तक हमें प्लेऑफ खेलनी वाली दो टीमें तो मिल चुकी हैं लेकिन बाकी दो जगहों के लिए मुकाबला कड़ा दिखाई दे रहा है। क्योंकि 2 जगहों के लिए पांच टीमों में टक्कर है। ऐसे में अगले चार दिनों में पांच मुकाबले होने हैं जो तय करेंगे कि प्लेऑफ में पहुंचने वाली बाकी दो टीमें कौन सी हैं। फिलहाल जिन तीन टीमों से सबसे ज्यादा उम्मीद है या फिर यूं कहें कि जिन तीन टीमों के सबसे ज्याद चांस हैं वो धोनी की CSK, कोहली की RCB और पैट कमिंस की SRH है। दिल्ली और लखनऊ भी लाइन में हैं, लेकिन उम्मीद बहुत कम है।

आपको बता दें कि आईपीएल सीजन 17 में अब ग्रुप स्टेज के सिर्फ पांच ही मुकाबले बचे हैं। ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच 19 मई को होना है। ऐसे में चार दिन में होने वाले पांच मुकाबलों के बाद ही पांचों टीमों की किस्मत का फैसला होगा। कि इन पांच में से कौन सी दो टीमें प्लेऑफ में एंट्री कर सकेंगी।

चेन्नई सुपर किंग्स, रॉयल चेलेंजर्स बैंगलुरु, सनराइजर्स हैदराबाद, लखनऊ सुपर जॉंयट्स और दिल्ली कैपिट्ल्स ये वो पांच टीमें हैं जिनमें से दो टीमें प्लेऑफ में खेलेंगी। इनमें भी दिल्ली और लखनऊ से उम्मीदें कम ही हैं। क्योंकि दोनों ही टीमों का रन रेट बहुत खराब है। दिल्ली की बात करें तो दिल्ली ने अपने सभी 14 मैच खेल लिए हैं और उसके अंक भी 14 ही हैं। लेकिन नेट रनरेट -0.377 है। जो बहुत कम है।

वहीं लखनऊ के हालात भी कुछ ऐसे ही हैं। लखनऊ ने अब तक 13 मैच खेले हैं और उसके अंक 12 हैं। अब अगर लखनऊ अपना आखिरी मैच जीत भी लेती है तो भी उसके अंक 14 ही होंगे और उसका नेट रन रेट भी माइनस में है, -0.787। लखनऊ टीम अपना आखिरी मुकाबला मुंबई इंडियन्स के सा 17 मई को खेलेगी।

चलिए बात करते हैं कि चेन्नई, बैंगलुरु और हैदराबाद के लिए प्लेऑफ में पहुंचने के कितने चांस हैं ?

चेन्नई और बैंगलुरु की बात करें तो बैंगलुरु को अपना आखिरी मुकाबला चेन्नई के साथ ही खेलना है। और उसे ये मैच ना सिर्फ जीतना होगा बल्कि 18 रनों के अंतर से जीतना होगा। क्योंकि इस तरह की जीत से उसके प्वाइंट्स तो बढ़ेंगे ही साथ ही नेट रनरेट में भी इजाफा होगा जिसका उसे फायदा मिलेगा। बैंगलुरु का ये मैच 18 ही मई को उनके घरेलू मैदान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। अब RCB इस घरेलू मैदान का कितना फायदा उठा पाती है ये देखना होगा। वहीं अगर बैंगलुरु जीतती है तो फिर चेन्नई को ये प्रार्थना करनी होगी कि हैदराबाद टीम अपने बाकी बचे दोनों मैच हार जाए।

बात करें चेन्नई की तो अगर चेन्नई टीम बैंगलुरु को हराती है, तो फिर बैंगलुरु की टीम पूरी तरह से इस आईपीएल से बाहर हो जाएगी। और चेन्नई की सीधे प्लेऑफ में एंट्री हो जाएगी। लेकिन कोहली को आईपीएल की ट्रॉफी तक पहुंचने के लिए फिर एक साल का इंतजार करना पड़ेगा। चेन्नई की जीत के बाद दिल्ली और लखनऊ की उम्मीदें भी जाग जाएंगी।

हैदराबाद की टीम के लिए क्या समीकरण बन रहे हैं? पैट कमिंस की कप्तानी में खेल रही हैदराबाद की टीम ने अब तक अपने 12 मुकाबले खेले हैं जिसमें उसके 14 प्वाइंट हैं। अभी टीम के दो मैच बचे हैं अगर टीम अपने मुकाबले जीतती है तो सीधे तौर पर प्लेऑफ में जाएगी। अगर हैदराबाद अपने दोनों मुकाबले हार जाती है तो फिर टीम का नेट रन रेट भी बिगड़ जाएगा और फिर टीम प्वाइंट्स टेबल पर दिल्ली और लखनऊ के बराबर पहुंच जाएगी। ऐसे में रन रेट के आधार पर तीनों में से एक टीम को प्लेऑफ में जगह मिलेगी। ऐसी स्थिति में लखनऊ को अपना आखिरी मैच मुंबई इंडियन से जीतना होगा।

जाहिर है अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहे आईपीएल सीजन 17 में आने वाले चार दिनों में होने वाले मुकाबले बेहद रोमांचक होने वाले हैं। क्योंकि हर टीम को पता है कि गेम में बने रहने के लिए जीत कितनी जरूरी है।