T20 क्रिकेट वर्ल्ड कपः भारत की सेमीफाइनल के लिए मजबूत दावेदारी, अफगानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के लिए रास्ते कैसे अब भी खुले?

T20 क्रिकेट वर्ल्ड कपः भारत की सेमीफाइनल के लिए मजबूत दावेदारी, अफगानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के लिए रास्ते कैसे अब भी खुले?

T20 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2024 में में अफगानिस्तान ने बड़ा उलटफेर करते हुए चैंपियन टीम ऑस्ट्रेलिया को हरा दिया। जिसके बाद अब सुपर-8 राउंड में ग्रुप-वन के समीकरण काफी रोमांचक हो गए हैं। आपको बता दें कि भारत भी इसी ग्रुप में शामिल है और सेमीफाइनल में एंट्री का सबसे मजबूत दावेदार भी है। हालांकि अफगानिस्तान भी अपनी ऑस्ट्रेलिया पर जीत के बाद इस होड़ में शामिल है। तो वहीं ऑस्ट्रेलिया भी रेस से बाहर नहीं है। और इसी समीकरण के चलते बांग्लादेश भी पूरी तरह से गेम से बाहर नहीं हुआ है हां उसकी टूर्नामेंट में बने रहने की संभावनाएं जरूर कम हो गई हैं।

चलिए प्वाइंट्स और रन रेट की बात कर लेते हैं। टीम इंडिया ने सुपर-8 मुकाबलों में अब तक अफगानिस्तान और बांग्लादेश को हराया है। जिसके बाद भारत के 4 प्वाइंट हैं और नेट रन रेट 2.425 है। अब नेट रन रेट के लिहाज से इस ग्रुप की बाकी सारी टीमें भारत से काफी पीछे हैं।

ऐसे में सवाल आता है कि फिर भारत की सेमीफाइनल खेलने की कितनी उम्मीदे हैं। तो आपको बता दें कि भारत का इस पोजिशन पर सेमीफाइनल की रेस से बाहर होने की संभावना बिल्कुल ना के बराबर है। हालांकि क्रिकेट संभावनाओं का ही खेल है। तो वो संभावना कैसे बन सकती है कि अगर ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत को 41 या इससे अधिक रन से हरा दे और दूसरी ओर अफगानिस्तान की टीम बांग्लादेश को 83 या इससे अधिक रन से हरा दे तो भारत की सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो जाएगी। लेकिन ये दोनों ही संभावनाएं बहुत मुश्किल हैं। इसलिए ये तय माना जा रहा है कि भारत T20क्रिकेट वर्ल्ड कप 2024 का सेमीफाइनल जरूर खेलेगा। हालांकि जैसे कि हम पहले ही कह चुके हैं कि क्रिकेट संभावनाओं का खेल है और यहां कुछ भी हो सकता है। इसलिए टीम को सुपर-8 में टॉप पर बने रहना होगा।

अगर भारतीय क्रिकेट टीम अंतिम चार में पहुंच जाती है तो उसका सेमीफाइनल का मैच गुयाना में होगा और इस मुकाबले के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है यहां बारिश की 70 फीसदी आशंका है। ऐसे में अगर सेमीफाइनल मुकाबला रद्द होता है तो सुपर-8 में टॉप पर रही टीम फाइनल में पहुंच जाएगी।

इसलिए जरूरी है कि भारत अपने आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया को हरा दे, क्योंकि ऐसा होता है तो भारत ग्रुप-1 में टॉप फिनिश कर लेगा। हालांकि अगर भारत ऑस्ट्रेलिया से हारता है तो भी वो टॉप फिनिश कर सकता है लेकिन उसके लिए फिर भारत का नेट रन रेट बेहतर होना जरूरी है।

अब ग्रुप-1 की मौजूदा स्थिति के लिहाज से भारत का सेमीफाइनल खेलना करीब-करीब तय है। लेकिन ग्रुप की दूसरी टीमों जैसे अफगानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच सेमीफाइनल के लिए होड़ मची हुई है। अब अगर ऑस्ट्रेलिया की टीम आखिरी मैच में भारत से हार जाती है और दूसरी ओर अफगानिस्तान की टीम बांग्लादेश को हरा देती है तो भारत और अफगानिस्तान की टीमें इस ग्रुप से सेमीफाइनल में पहुंच जाएंगी।

लेकिन दूसरे सिनैरियो की बात करें कि अगर ऑस्ट्रेलिया आखिरी मैच में इंडिया को हरा देता है तो ऐसे में फिर अफगानिस्तान को बांग्लादेश के खिलाफ बड़े अंतर से जीत हासिल करनी होगी।

इसे इस तरह से समझें कि अगर ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत को एक रन से हराती है तो फिर अफगानिस्तान को बांग्लादेश पर 36 या इससे ज्यादा रन से जीत हासिल करनी होगी।

अब तीसरी स्थिति की बात करते हैं कि अगर भारत और बांग्लादेश दोनों ही टीमें अपने-अपने आखिरी सुपर-8 मैच जीत जाते हैं तो क्या होगा। ऐसी स्थिति में भारतीय टीम के 6 अंक हो जाएंगे और वो नंबर वन पोजिशन पर रहेगी। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान और बांग्लादेश तीनों के 2-2 प्वाइंट्स होंगे। ऐसे में तीनों तीनों टीमों में से जिस टीम का रन रेट बेहतर होगा वो सेमीफाइनल में जाएगा।

ग्रुप-2 में दो ही मैच बाकी हैं, इनसे सेमीफाइल की दो टीमें तय होंगी। आज रात 8 बजे से इंग्लैंड और अमेरिका के बीच मैच होगा। वहीं ग्रुप का आखिरी मैच कल सुबह 6 बजे से वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के बीच खेला जाएगा।