अल्मोड़ा: भुवन जोशी हत्याकांड में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक पांच गिरफ्तार

अल्मोड़ा: भुवन जोशी हत्याकांड में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक पांच गिरफ्तार
अल्मोड़ा: भुवन जोशी हत्याकांड में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक पांच गिरफ्तार

अल्मोड़ा: आरासलपड़ गांव (सरयूघाटी) में किशोरी से छेड़छाड़ के आरोपी युवक को पीट-पीट कर मार डालने के आरोप में दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामला बीती बुधवार शाम का है। आरोप है कि धौलादेवी ब्लाक के सुदूर आरासलपड़ गांव की दुकान पर 16 वर्षीय किशोरी कुछ सामान खरीदने आई थी। इसी दौरान बाइक से तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने किशोरी से छेड़छाड़ शुरू कर दी। पास ही खेल रहे बच्चों ने ग्रामीणों को बुला लिया। इससे लड़की के परिजन व गांव वाले भड़क उठे। उन्होंने भुवन चंद्र जोशी (22) पुत्र उमेश चंद्र जोशी निवासी रूवाल गांव व कैलाश सिंह पुत्र शेर सिंह डसीली गांव (दोनों दन्यां क्षेत्र) को घेर दबोच लिया। तीसरा आरोपित ललित सिंह पुत्र प्रताप सिंह डसीली गांव मौका देख भाग गया। इधर गुस्साई भीड़ भुवन व कैलाश पर टूट पड़ी। दोनों को बुरी तरह पीटा गया। इसी दौरान दन्यां थाने को भी सूचना दी गई। कुछ ही देर में एसआइ इंदर सिंह मयटीम गांव पहुंचे। भीड़ के चंगुल से बचा पुलिस कर्मियों ने दोनों आरोपित हिरासत में ले लिए। वहीं मौके से फरार ललित सिंह को भी पकड़ लिया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपितों का सीएचसी धौलादेवी में मेडिकल कराया। उन्हें हिरासत में रखा गया था। गुरुवार सुबह करीब दस बजे ग्रामीणों की पिटाई से बेदम हुए भुवन जोशी का स्वास्थ्य अचानक खराब हो गया। उसे पुलिस कर्मी सीएचसी ले गए। जहां मध्याह्न करीब 12 बजे उसकी मौत हो गई। इस मामले में लड़की पर साजिश रचने के आरोप लग रहे हैं। शोसल मीडिया में वायरल वीडियो में कथित रूप से भुवन जोशी कह रहा है कि उसे लड़की ने मिलने बुलाया है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। 
हत्या के आरोप में दो गिरफ्तार
मामले की गम्भीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट के निर्देश पर तत्काल कार्यवाही करते हुए शनिवार को थानाध्यक्ष दन्या सन्तोष देवरानी की टीम ने नामजद आरोपी किशोरी के पिता शिवदत्त पुत्र प्रेम बल्लभ तथा वायरल वीडियो की तहकीकात करते हुए में मारपीट में शामिल पूर्व ग्राम प्रधान दयाकिशन पाण्डे पुत्र रेवाधर पाण्डे निवासी- आरासल्फड़ को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने शुक्रवार को भी मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
एसएसपी अल्मोड़ा पंकज भट्ट ने इस बीच सभी नागरिकों से अपील की है कि पुलिस उक्त मामले में शीध्र एवं लगातार कार्यवाही कर रही है, अब तक पूर्व ग्राम प्रधान सहित कुल- 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने हेतु पुलिस का सहयोग करे।
उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अनावश्यक वीडियो एवं नाबालिग किशोरी के फोटो आदि को सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म पर शेयर न करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट, भाषा, शब्दों का प्रयोग करने से बचें। अन्यथा इस तरह के कृत्य करने वालों पर अल्मोड़ा पुलिस द्वारा कानूनी कार्यवाही की जायेगी। थानाध्यक्ष दन्या सन्तोष देवरानी ने बताया कि मामले की गम्भीरता से जाॅच की जा रही है, वीडियो में मारपीट करने के बारे में जाॅच कर जितने भी लोग इस अपराध में शामिलं उन्हें चिन्हित कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।