अनंत अंबानी ने दी चार धाम देवस्थानम बोर्ड को 5करोड़ की धनराशि

अनंत अंबानी ने दी चार धाम देवस्थानम बोर्ड को 5करोड़ की धनराशि
अनंत अंबानी ने दी चार धाम देवस्थानम बोर्ड को 5करोड़ की धनराशि

देहरादून। उत्तरखंड चारधाम देवस्थानम एवं प्रबंधन बोर्ड को उद्योगपति मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी ने पांच करोड़ का दान दिया है। इस मदद से बोर्ड के 650 कर्मचारियों के वेतन को लेकर किसी भी तरह का कोई संकट नहीं रहेगा। चारधाम यात्रा पर इस बार कोरेाना महामारी का असर रहा है। श्रद्धालु बेहद कम संख्या में पहुंचे। हर साल उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर करीब 32 लाख श्रद्धालु आते हैँ। इस बार कोरोना के कारण अभी तक बामुश्किल 60 हजार के करीब श्रद्धालु पहुंचे हैं। एक लाख आठ हजार के करीब पंजीकरण जरूर हुए हैं। ये संख्या 2013 की आपदा के बाद से भी बेहद कम है। इस कम संख्या का असर सीधे बोर्ड के राजस्व पर भी पड़ा है। जहां पहले सामान्य स्थिति में हर साल करीब 55 करोड़ का दान प्राप्त होता था, वो इस बार दो करोड़ भी नहीं पहुंच पाया है।

जबकि हर महीने कर्मचारियों के वेतन पर ही करीब दो करोड़ रुपये खर्च होते हैं। इन मुश्किल हालात में अंबानी परिवार से उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड को मिले पांच करोड़ को बड़ी राहत माना जा रहा है। बोर्ड के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीडी सिंह के अनुरोध पर अनंत अंबानी ने देवस्थानम बोर्ड को पांच करोड़ दिए। अनंत अंबानी पूर्व में श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के पूर्व सदस्य भी रह चुके हैं। बीडी सिंह ने बताया कि मुकेश अंबानी सहित पूरे अंबानी परिवार की श्री बदरीनाथ एवं केदारनाथ सहित चारों धामों में अपार आस्था है। उनकी ओर से हमेशा श्री बदरीनाथ-केदारनाथ धाम को सहायता दी जाती है। देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी डा हरीश गौड़ ने बताया कि देवस्थानम बोर्ड कर्मचारियों ने उद्योगपति अनंत अंबानी सहित प्रदेश सरकार, देवस्थानम बोर्ड के मुख्य  कार्यकारी अधिकारी रविनाथ रमन तथा अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीडी सिंह का आभार जताया।