देहरादून: चेकअप के बहाने किशोरी के साथ शर्मनाक हरकत, डॉक्टर गिरफ्तार

देहरादून: चेकअप के बहाने किशोरी के साथ शर्मनाक हरकत, डॉक्टर गिरफ्तार
Demo Pic

देहरादून: राजधानी देहरादून के प्रेमनगर में एक बेहद शर्मनाक वाकया सामने आया है। यहां एक निजी डॉक्टर पर चेकअप के बहाने क्लीनिक में आई किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास का आरोप लगा है। आरोप है कि विरोध करने पर डॉक्टर ने किशोरी को धमकाया। किसी तरह छूटकर भागी किशोरी ने परिजनों को घटना के बारे में बताया। शिकायत पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने 65 वर्षीय डॉक्टर के खिलाफ पॉक्सो ऐक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। 
मिली जानकारी के अनुसार प्रेमनगर की रहने वाली किशोरी तबीयत खराब होने के चलते दवा लेने के लिए त्यागी मार्केट स्थित एक निजी क्लीनिक पर गई थी। उस दौरान किशोरी के साथ आया उसका भाई अन्य दुकान से सामान खरीद रहा था।  आरोप है कि डॉक्टर ने किशोरी को कक्ष में बुला लिया और चेकअप के बहाने छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी ने इसका विरोध किया, जिस पर डॉक्टर ने उसे धमकी दी। किसी तरह छूटकर किशोरी चिल्लाते हुए क्लीनिक से बाहर निकली। यह देखकर लोग मौके पर एकत्र हो गए। इस बीच मौका पाकर आरोपी डॉक्टर क्लीनिक से फरार हो गया। इस घटना की जानकारी पीड़ित किशोरी ने अपने परिजनों को दी। परिजनों ने प्रेमनगर थाने पहुंचकर इसकी शिकायत पुलिस को दी।
थाना प्रभारी रौतेला के मुताबिक आरोपी डॉ. मनमोहन सिंह निवासी मोहनपुर प्रेमनगर के खिलाफ पॉक्सो ऐक्ट और दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग को भी पत्र लिखा जा रहा है, ताकि डॉक्टर की डिग्री की भी जांच हो सके। उन्होंने बताया कि रात में आरोपी डॉक्टर खुद थाने पहुंचा था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
सीसीटीवी फुटेज होंगे अहम साक्ष्य
आरोपी डॉक्टर पर कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज महत्वपूर्ण साक्ष्य बनेंगे। पुलिस जल्द सीसीटीवी फुटेज हासिल करेगी। पुलिस शुक्रवार को पीड़ित किशोरी के कोर्ट में बयान दर्ज कराएगी।