जून में ही उत्तराखंड की नदियों ने धरा प्रचंड रूप, ऋषिकेश में फिर शिवजी की मूर्ति तक आई उफनाई गंगा

जून में ही उत्तराखंड की नदियों ने धरा प्रचंड रूप, ऋषिकेश में फिर शिवजी की मूर्ति तक आई उफनाई गंगा
फोटो साभार amarujala.com और jagran.com

ऋषिकेश: उत्तराखंड के पहाड़ों में लगातार हो रही भारी बारिश से नदियों ने प्रचंड रूप धारण कर लिया है। जून के मौसम में ही भारी बारिश के चलते लोगों के मन में आपदा का खौफ बैठ गया है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार राज्य की लगभग हर नदी उफान पर है। जिससे कुमाऊं से लेकर गढ़वाल तक हाहाकार मच गया है। ऋषिकेश में गंगा घाट डूब गए हैं। गंगा नदी एक बार फिर भगवान शिव की मूर्ति को छूकर बह रही है। बता दें कि ऐसा दृश्य 2013 में आई केदारनाथ आपदा में देखा गया था। हरिद्वार में भी गंगा उफान पर है। इसके साथ ही अलकनंदा, मंदाकिनी, नंदाकिनी, शारदा, गोरी, कोसी, रामगंगा सहित अन्य नदियां पानी से लबालब हो गईं हैं। बहरहाल यह स्थिति देखते हुए अलर्ट जारी किया गया। नदियों के आस-पास मुनादी की जा रही है। टिहरी, पौड़ी और ऋषिकेश प्रशासन लगातार मुनादी करवा रहा है।

उत्तराखंड: भारी बरिश से हुई रोड ब्लॉक, रात भर रास्ते में फंसी रही बारात


 देवप्रयाग में भी यही स्थिति है। अलकनंदा और मंदाकिनी में भी जल स्तर बढ़ने से नदी तट और आसपास के इलाकों में अलर्ट किया गया है। गंगोत्री, बदरीनाथ, केदारनाथ मार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन की वजह से बाधित हो गया है। वहीं, आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। देवप्रयाग में 464.00 मीटर पर गंगा बह रही है, जबकि 463 से ऊपर खतरे का निशान है। संगम स्थल भी पानी में डूबा है। बदरीनाथ राजमार्ग एनएच-58 भारी भूस्खलन के कारण ब्यासी के पास बंद है। मार्ग खोलने का प्रयास किया जा रहा है। दो लिंक रोड भी मलबा आने से बंद है।
हरिद्वार में गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। गंगा खतरे के निशान 294 मीटर से ऊपर 294.40 मीटर पर बह रही है। पानी के बहाव में भारी मात्रा में सिल्ट आने के कारण गंगनहर को बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने कल ही अलर्ट जारी करते हुए सभी बाढ़ चौकियों को सतर्क कर दिया था। डूब क्षेत्र को खाली करा लिया गया था। साथ ही गंगा के तटीय इलाकों में सतर्कता बढ़ती जा रही है। 


यमुनोत्री हाईवे धरासू बैंड के पास बंद
यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग धरासू बैंड के पास बंद है। मार्ग को सुचारु करने के लिए एनएच की टीम जुटी हुई है। वहीं, जनपद के पांच संपर्क मार्ग बाधित है। गंगोत्री यमुनोत्री सहित जिला मुख्यालय में हल्के बादल छाए हुए हैं, जबकि डुंडा के धौंतरी क्षेत्र में बारिश हो रही है।