भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड का पुनर्गठन, मंत्री हरक सिंह बाहर

भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड का पुनर्गठन, मंत्री हरक सिंह बाहर
भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड का पुनर्गठन, मंत्री हरक सिंह बाहर

देहरादून : उत्तराखंड सरकार ने भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड का पुनर्गठन कर दिया है। पुनर्गठन के बाद श्रम मंत्री हरक सिंह रावत को अध्यक्ष पद से हटाकर उनके स्थान पर शमशेर सिंह सत्याल अध्यक्ष को अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। सत्याल वर्तमान में उत्तराखंड राज्य सलाहकार श्रम संविदा बोर्ड के अध्यक्ष हैं।  वहीं, हरक सिंह द्वारा लाई गई सचिव दमयंती रावत की कुर्सी जरूर बच गई है। इसके लिए श्रम विभाग को संशोधित अधिसूचना जारी की। जिसमें कहा गया कि बुधवार को जारी अधिसूचना में बोर्ड के सचिव पद पर प्रमुख सचिव/सचिव श्रम गलती से अंकित हो गया, जिसे निरस्त कर दिया गया है।
श्रम सचिव हरबंस सिंह चुघ के मुताबिक बोर्ड का कार्यकाल तीन साल के लिए होता है, जो सितंबर में पूरा हो गया था। इसी को देखते हुए बोर्ड के पुनर्गठन का प्रस्ताव तैयार किया गया। बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में 2017 में श्रम मंत्री हरक सिंह को तैनात किया गया था। अब उनकी जगह शमशेर सिंह सत्याल की तैनाती की गई है। इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है।
बोर्ड का अब यह होगा ढांचा
अध्यक्ष : तीन साल के लिए शमशेर सिंह सत्याल।
सचिव : पहले प्रमुख सचिव, सचिव श्रम विभाग को यह पद दिया गया था। बृहस्पतिवार को श्रम सचिव ने बताया कि इस पद पर कोई बदलाव नहीं किया गया है। दमयंती रावत इस पद पर बनी रहेंगी।
सदस्य : केंद्र सरकार की ओर से नामित।
राज्य सरकार का प्रतिनिधित्व करने वाले तीन सदस्य
1. प्रमुख सचिव या सचिव वित्त या उनकी ओर से नामित सदस्य।
2. प्रमुख सचिव या सचिव न्याय या उनकी ओर से नामित सदस्य।
3. मुख्य निरीक्षक, कर्मकार कल्याण बोर्ड।

बोर्ड सचिव को पहले बाहर का रास्ता दिखाया, फिर वापस लाए
शासन के अधिकारी भले ही इसे बोर्ड का पुनर्गठन का सामान्य कदम बता रहे हों, लेकिन जिस तरह से बोर्ड सचिव दमयंती की वापसी हुई है, उससे मंत्री और सरकार के बीच खींचतान से इनकार भी नहीं किया जा रहा है। शासन की ओर से जारी अधिसूचना में पहले बोर्ड सचिव का दायित्व श्रम विभाग के प्रमुख सचिव या फिर सचिव को सौंपा गया था। बाद में बताया गया कि सचिव पद पर दमयंती बनी रहेंगी। दमयंती को सचिव पद पर श्रम मंत्री हरक सिंह ही लेकर आए थे। मूल रूप से शिक्षा विभाग में तैनात दमयंती रावत इस समय प्रतिनियुक्ति पर बोर्ड सचिव के पद पर हैं।