21 अगस्त को होगा मिशन शक्ति फेज-3 का शुभारंभ, 59 हजार ग्राम पंचायतों को जोड़ा जाएगा

21 अगस्त को होगा मिशन शक्ति फेज-3 का शुभारंभ, 59 हजार ग्राम पंचायतों को जोड़ा जाएगा
21 अगस्त को होगा मिशन शक्ति फेज-3 का शुभारंभ, 59 हजार ग्राम पंचायतों को जोड़ा जाएगा

लखनऊ: अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि 21 अगस्त को मिशन शक्ति फेज-3 का मुख्य कार्यक्रम गृह विभाग तथा महिला कल्याण विभाग द्वारा संयुक्त रूप से लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। जनपद स्तर पर 59 हजार ग्राम पंचायत भवनों में मिशन शक्ति कक्ष का शुभारंभ किया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम से 200 महिलाओं को जोड़ा जाएगा। एक करोड़ से अधिक महिलाओं तक उत्तर प्रदेश सरकार का संदेश पहुंचाया जाएगा। ग्राम पंचायतों तथा जनपदीय कार्यक्रम में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जाएगा। प्रत्येक कार्यक्रम में एक मास्क व एक राखी का वितरण किया जाएगा।
मिशन शक्ति पहले और दूसरे चरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाकर्मियों, स्वयं सेवी संगठन, स्वयं सहायता समूह, उद्यमी, ग्रामीण उत्थान के क्षेत्र में कार्यरत अग्रणी महिलाओं को पुरस्कृत किया जाएगा। ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली महिला खिलाड़ियों को भी आमंत्रित किया जाना भी प्रस्तावित है। इसमें महिला हॉकी टीम के अलावा पीवी सिन्धु, मीराबाई चानु तथा मुक्केबाज लवलीना बार्गोहैन शामिल हैं। दो विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित महिलाओं, सेना अथवा वायु सेना की महिला अधिकारियों, महिला न्यूज प्रेजेंटर, प्रदेश के स्वयं सहायता समूह की अग्रणी 5-10 महिलाओं को भी आमंत्रित किया जाएगा।
अगस्त क्रांति से भी जुड़ेगा मिशन शक्ति : मुख्यमंत्री ने मिशन शक्ति को अमृत महोत्सव व अगस्त क्रांति ( नौ अगस्त) से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा शहीदों के स्वजन कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाएं। मिशन शक्ति के तीसरे चरण में आयोजित होने वाले जनपदीय व अन्य कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कहा है।