यूपी: हाईस्कूल व इंटर की मेधावी छात्राओं के नाम पर रखे जाएंगे गांव में तालाबों के नाम

यूपी: हाईस्कूल व इंटर की मेधावी छात्राओं के नाम पर रखे जाएंगे गांव में तालाबों के नाम
यूपी: हाईस्कूल व इंटर की मेधावी छात्राओं के नाम पर रखे जाएंगे गांव में तालाबों के नाम

लखनऊ:यूपी सरकार ने महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के लिए शुक्रवार से आठ मार्च तक विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इस अभियान के दौरान हाईस्कूल व इंटर की मेधावी छात्राओं के नाम पर गांव में तालाब करते हुए उसका सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। तहसील स्तर पर विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली पांच महिलाओं को आठ मार्च को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही वरासत अभियान के दौरान दर्ज महिला खातेदारों, सह खातेदारों को आठ मार्च को खतौनी की नकल मुफ्त में बांटी जाएगी।
अपर मुख्य सचिव राजस्व रेणुका कुमार ने गुरुवार को शासनादेश जारी कर दिया है। उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारियों को निर्देश भेजते हुए कहा है कि महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन व महिला सशक्तीकरण के लिए जिले स्तर पर अन्य विभागों से समन्वय करते हुए गोष्ठियां व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही राजस्व विभाग की योजनाओं व कार्यक्रमों में महिला अधिकारों से संबंधित प्रावधानों, आय, जाति, निवास, हैसियत प्रमाण पत्र ऑनलाइन सुविधा के बारे में जानकारियां दी जाएगी।
महिला हेल्प डेस्क का जिले स्तर पर विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जाए। इस पर आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा। महिला हेल्प डेस्क पर आठ मार्च को वित्तीय वर्ष 2020-21 में स्वीकृत किए गए पट्टों के सापेक्ष महिला पट्टेदारों का इसका कागज दिया जाएगा। पात्र गरीब व असहाय महिलाओं को आवासीय पट्टा दिए जाने की कार्यवाही पूरी करते हुए आठ मार्च को इसे बांटा जाएगा। तहसील स्तर पर विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली पांच महिलाओं को आठ मार्च को सम्मानित किया जाएगा।
आठ मार्च को जिलों में महिलाओं द्वारा बालिकाओं के नाम से वृक्षारोपण कराया जाएगा। ग्राम सभा में हाईस्कूल व इंटर में सर्वाधिक अंक पाने वाली छात्राओं के नाम पर एक तालाब नामित उसके नाम का बोर्ड एक साल के लिए वहां पर लगाया जाएगा। वरासत अभियान के दौरान दर्ज महिला खातेदारों, सह खातेदारों को आठ मार्च को खतौनी की नकल मुफ्त में बांटी जाएगी। तहसील स्तर पर महिला हेल्प डेस्क के माध्यम से महिला खातेदार व सहखातेदारों द्वारा आवेदन किए जाने पर आठ मार्च को खतौनी की नकल बांटी जाएगी। महिला राजस्व कर्मियों द्वारा उत्कृष्ट व उल्लेखनीय काम करने पर आठ मार्च को सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट काम करने वाली महिला लेखपाल को सम्मानित किया जाएगा। इसकी पूरी रिपोर्ट 10 मार्च को राजस्व परिषद को उपलब्ध कराई जाएगी।
अभियान ऐसे चलेगा
ग्राम स्तर पर 26, 27 व 28 फरवरी
ब्लाक स्तर पर एक, दो व तीन मार्च
तहसील स्तर पर चार व पांच मार्च
जिला स्तर पर छह व सात मार्च