वीकेंड पर पर्यटकों से गुलजार हुए मसूरी-ऋषिकेश 

वीकेंड पर पर्यटकों से गुलजार हुए मसूरी-ऋषिकेश 
Demo Pic

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी एक बार फिर पर्यटकों से गुलजार हो गई है। शहर में लगातार पर्यटकों की आमद बढऩे से स्थानीय लोगों के साथ ही व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं। लॉकडाउन के बाद से ठप पड़े व्यापार और पर्यटन गतिविधियों में लगातार उछाल देखा जा रहा है। पर्यटक भी मसूरी के ठंडे मौसम का जमकर लुफ्त उठा रहे हैं।  स्थानीय लोगों के अनुसार लॉकडाउन और कोरोना संक्रमण से उनका व्यापार पूरी तरीके से ठप हो गया था। उत्तराखंड सरकार द्वारा पर्यटन को पूरी तरीके से खोलने और पर्यटकों को कोरोना जांच आदि में छूट देने के बाद से लगातार पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। पिछले दो हफ्ते से वीकेंड पर लगातार पर्यटन से जुड़े व्यापार में वृद्धि हो रही है। सात महीने से घर बैठे लोगों को रोजगार मिलने लगा है। पर्यटकों का कहना है कि काफी समय से वह मसूरी आना चाहते थे, परंतु सरकार ने कोरोना संक्रमण को लेकर पाबंदी लगा रखी थी। छूट मिलने के बाद वह परिवार के साथ मसूरी घूमने के लिए आ गए और जमकर प्राकृतिक सौंदर्य के साथ कूल मौसम का आनंद ले रहे हैं।
पर्यटकों की भीड़ उमडऩे से व्यापारियों के चेहरे खिल गए
वीकेंड पर तीर्थनगरी ऋषिकेश में भी पर्यटकों की भीड़ बढ़ी है। शहर के अधिकतर होटलों में एक बार फिर से पर्यटकों की भीड़ उमडऩे से व्यापारियों के चेहरे भी खिल गए हैं। शहर में भीड़ बढऩे से मुनिकीरेती तपोवन क्षेत्र में जाम भी लग रहा है। इधर, राफ्टिंग के शौकीन भी बड़ी संख्या में उमड़ रहे हैं। शहर में भीड़ की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी अपनी मुस्तैदी बढ़ा दी है, जगह-जगह बैरियर पर पुलिस का कड़ा पहरा है। राम झूला, स्वर्गाश्रम क्षेत्र में भी बहुत समय के बाद पर्यटकों की चहल कदमी बड़ी है। इससे सात माह से खाली बैठे छोटे बड़े व्यापारियों के चेहरे पर भी खुशी की मुस्कान है।