उत्तराखंड: पुलिसकर्मी पर लगा नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, गिरफ्तार

उत्तराखंड: पुलिसकर्मी पर लगा नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, गिरफ्तार
सांकेतिक तस्वीर

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर खाकी दागदार हुई है। देहरादून के कोतवाली क्षेत्र में पुलिसकर्मी पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप लगा है। घटना की सूचना मिलते ही तत्काल आरोपी पर पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने वाला पुलिसकर्मी एएसआई पद पर तैनात था और सरकारी आवास में रहता था। वहीं पुलिसकर्मी पर पड़ोस में रहने वाली 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी एएसआई का मेडिकल कराने के लिए कोरोनेशन सरकारी अस्पताल ले गयी है। जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पुलिसकर्मी की पहचान संजीव जगूड़ी के रूप में हुई है। वायरलेस में एएसआइ पद पर तैनात पुलिसकर्मी अपने ससुर के सरकारी आवास में रहता था। बगल वाले दूसरे क्वाटर में नाबालिग अपने परिवार के साथ रहती है। नाबालिग के पिता दृष्टिहीन हैं। नाबालिग की मां के मुताबिक उसकी बेटी दोपहर के समय घर के पीछे टायलेट में गई थी। ज्यादा समय होने पर जब वह वापस नही आई तो वहां जाकर उसकी तलाश की तो टायलेट का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा जोर-जोर से पीटने पर उसके अंदर से पड़ोस में रहने वाला व्यक्ति संजीव जगूड़ी दरवाजा खोलकर भाग गया। पुत्री अचेत अवस्था में पड़ी थी। बाद में पीड़िता ने बताया कि संजीव जगूड़ी ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया।परिजनों की शिकायत पर कोतवाली में आरोपित के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।