भाजपा नेत्री उमा भारती एम्स अस्पताल से डिस्चार्ज, होम आइसोलेशन में रहेंगी कुछ दिन 

भाजपा नेत्री उमा भारती एम्स अस्पताल से डिस्चार्ज, होम आइसोलेशन में रहेंगी कुछ दिन 
भाजपा नेत्री उमा भारती एम्स अस्पताल से डिस्चार्ज, होम आइसोलेशन में रहेंगी कुछ दिन 

ऋषिकेश। पूर्व केंद्रीय मंत्री और मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री साध्वी उमा भारती को शुक्रवार को एम्स अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। चिकित्सकों के अनुसार वह अभी कुछ दिन होम आइसोलेशन में रहेंगी। इस बाबत स्टेट सर्विलांस ऑफिसर को भी संस्थान की ओर से सूचित कर दिया गया है। आपको बता दें कि उत्तराखंड की यात्रा पर आईं उमा भारती में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती को बुखार की शिकायत और कोविड-19 पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद बीते सप्ताह एम्स ऋषिकेश में भर्ती किया गया था। संस्थान के मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रो. ब्रिजेंद्र सिंह ने बताया कि अस्पताल में सभी आवश्यक परीक्षण के बाद उनका उपचार किया गया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उनमें कोविड के कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं, लिहाजा पॉलिसी के तहत उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।

फिलहाल, उन्हें अभी होम आइसोलेशन में रहने का सुझाव दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस बाबत स्टेट अथॉरिटी को भी अवगत करा दिया गया है। गौरतलब है मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती एमपी उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार के बाद हिमालय की यात्रा पर निकल गई थीं। वे उत्तराखंड में केदारनाथ और बदरीनाथ की यात्रा पर थीं। केदारनाथ यात्रा के दौरान उनके साथ मौजूद उत्तराखंड के उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद उमा भारती का एंटीजन टेस्ट कराया गया था, जो नेगेटिव आई थी। इस दौरान उमा भारती ने केदारनाथ, बदरीनाथ समेत कई मंदिरों के दर्शन भी किए। बाद में उन्होंने ट्वीट कर बताया कि तीन दिन से हल्का बुखार आने के कारण यात्रा के अंतिम दिन प्रशासन से आग्रह कर कोरोना टेस्ट के लिए टीम को बुलाया था। यात्रा के दौरान कोरोना गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन किया, जिसके बाद भी मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई।