जी 20 सम्मेलन की डिनर पार्टी के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन से मिले बिहार के सीएम नीतीश कुमार, पीएम मोदी ने जारी की तस्वीर

जी 20 सम्मेलन की डिनर पार्टी के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन से मिले बिहार के सीएम नीतीश कुमार, पीएम मोदी ने जारी की तस्वीर

जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मेजबानी में आयोजित किए गए डिनर पार्टी की चर्चा जोरों पर है। इसमें किसी मुख्यमंत्री के ना शामिल होने की बात चल रही है तो किसी मुख्यमंत्री के अमेरिकी राष्ट्रपति से मुलाकात की बात चल रही है। बता दें कि शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित किए गए डिनर पार्टा में कई राज्यों के मुख्यमंत्रीयों को शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा गया था। इसमें पेमा खांडू, हिमंत बिस्वा सरमा, योगी आदित्यनाथ, प्रमोद सावंत, हेमंत सोरेन, अरविंद केजरीवाल, नीतीश कुमार, भूपेश बघेल, सुखविंदर सिंह सुक्खू, मनोहर लाल खट्‌टर, पीएस गोलाई, एमके स्टालिन, शिवराज सिंह चौहान, भगवंत सिंह मान और अशोक गहलोत के नाम शामिल हैं।

इस जी20 सम्मेलन की डिनर पार्टी के दौरान कई राज्यों के मुख्यमंत्री पहुंचे तो वहीं कुछ ने विभिन्न कारणों का हवाला देकर पार्टी में पहुंचने में अपनी असमर्थता जताई। इस दौरान सबसे खास रहा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पहुंचना, जहां प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं उनकी मुलाकात अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से कराई। इसकी तस्वीर भी पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम से शेयर की है। इस तस्वीर में नीतीश कुमार के साथ झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी नजर आ रहे हैं।

बता दें कि जी20 में शामिल हुए वैश्विक नेताओं के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मेजबानी में डिनर का आयोजन किया गया था। इस दौरान विदेशी मेहमानों के साथ भारत के विभिन्न राज्यो के मुख्यमंत्री भी पहुंचे थे। इसी क्रम में पीएम मोदी ने एनडीए के पूर्व सहयोगी व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुलाकात अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से कराई। इस मुलाकात के दौरान तस्वीर में पीएम मोदी के साथ नीतीश कुमार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी नजर आ रहे हैं।