‘1 से 19 नवंबर तक एयर इंडिया में ना करें सफर’, आतंकी पन्नू की एयर इंडिया फ्लाइट में विस्फोट की धमकी, कहा-1984 सिख दंगों का लेंगे बदला

‘1 से 19 नवंबर तक एयर इंडिया में ना करें सफर’, आतंकी पन्नू की एयर इंडिया फ्लाइट में विस्फोट की धमकी, कहा-1984 सिख दंगों का लेंगे बदला

सिख फॉर जस्टिस संस्था के फाउंडर गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एयर इंडिया की फ्लाइट में विस्फोट की धमकी दी है। आतंकी पन्नू ने एक वीडियो जारी कर एयर इंडिया में सफर करने वाले दुनिया भर के लोगों को धमकी दी है कि एक से 19 नवंबर तक एयर इंडिया में सफर ना करें, आतंकी पन्नू ने 1984 सिख दंगों का बदला लेने की बात कही है। पन्नू ने कहा कि नवंबर 1984 में हुए सिख दंगों की 40वीं बरसी है। 1984 में 13 हजार से ज्यादा सिख, महिलाओं और बच्चों को मार दिया गया था। आज भी दिल्ली में विधवा कालोनी है। आतंकी पन्नू ने कहा कि ये पूरी घटना भारतीय हुकूमत की ओर से की गई थी। उसने धमकी देते हुए कहा कि विदेश में यात्रा करने वाले लोग एक नवंबर से लेकर 19 नवंबर तक एयर इंडिया का बायकॉट करें। पन्नू ने पायलट्स को धमकाते हुए कहा कि बोर्ड में संदिग्ध बम हो सकता है।

आपको बता दें कि आतंकी पन्नू ने पिछले साल भी धमकी दी थी। उसने 4 नवंबर 2023 को वीडियो जारी कर एयर इंडिया के विमानों को उड़ाने की धमकी दी थी। पन्नू ने एक मिनट का वीडियो जारी कर कहा था कि 19 नवंबर को एयर इंडिया की फ्लाइट में यात्रा ना करें। अगर आप ऐसा करते हैं तो आपकी जान को खतरा पैदा हो सकता है। विमानों को उड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

आतंकी पन्नू ने 19 नवंबर को दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बंद करने की भी धमकी थी।

आपको बता दें कि भारत सरकार का गृह मंत्रालय पन्नू के संगठन सिख फॉर जस्टिस को बैन कर चुका है। 10 जुलाई 2019 को सिख फॉर जस्टिस को उसकी गतिविधियों के लिए UAPA के तहत गैरकानूनी संगठन के रूप में प्रतिबंधित किया गया था। वहीं एक जुलाई 2020 को गुरपतवंत सिंह पन्नू को भारत सरकार की ओर से व्यक्तिगत आतंकवादियों की सूची में शामिल किया गया है।