फाजिल्का बॉर्डर पर मिला दो साल से लापता पिता, बीएसएफ ने परिवार को लौटाया

फाजिल्का बॉर्डर पर मिला दो साल से लापता पिता, बीएसएफ ने परिवार को लौटाया

फाजिल्का बॉर्डर पर सीमा सुरक्षा बल ने एक व्यक्ति को संदिग्ध हालात में पकड़ा, जिसकी जांच में पता चला कि वह दो साल से लापता था और उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का रहने वाला है। BSF ने बताया कि व्यक्ति का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और वह गलती से सीमा क्षेत्र तक पहुंच गया था। अधिकारियों ने उसके परिवार से संपर्क कर उन्हें बुलाया, जिसके बाद परिवार ने फाजिल्का थाने में आकर उसे अपने साथ ले लिया।

लापता व्यक्ति की पहचान अमर यादव के रूप में हुई। उनके बेटे विशाल यादव ने बताया कि दो साल पहले धनतेरस के दिन पिता बाजार जाने निकले थे, लेकिन लौटकर नहीं आए। परिवार ने पूरे प्रदेश में पोस्टर लगाकर तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। दो साल बाद फाजिल्का से आए फोन कॉल में BSF ने वीडियो कॉल पर उनके पिता का चेहरा दिखाया, जिसे देखकर विशाल की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। उन्होंने कहा, “BSF और पुलिस ने हमें हमारा पिता वापस दिला दिया, जिसके लिए हम बेहद आभारी हैं।”