जर्मनी चौथी बार हॉकी वर्ल्ड चैंपियन बना, फाइनल में स्पेन को 1-0 से हराया

जर्मनी चौथी बार हॉकी वर्ल्ड चैंपियन बना, फाइनल में स्पेन को 1-0 से हराया

जर्मनी ने स्पेन को 1-0 से हराकर हॉकी वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया। उसने लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीती है। जर्मनी टूर्नामेंट के इतिहास में चौथी बार चैंपियन बना है। रविवार को बेल्जियम कप में जर्मनी के लिए मैच का एकमात्र गोल मिशेल स्टुथाप ने 44वें मिनट में किया। स्पेन ने 24 सर्कल एंट्री कीं, जबकि जर्मनी ने 12। स्पेन ने 9 और जर्मनी ने 5 शॉट मारे। पहले हाफ में कोई गोल नहीं हुआ। स्पेन ने तीसरे क्वार्टर में लगातार अटैक किया, लेकिन जर्मनी ने 44वें मिनट में काउंटरअटैक करके बढ़त बना ली। स्टुथाप ने गोलकीपर को छकाकर बॉल को नेट में डाल दिया।

इस जीत के साथ जर्मनी के वर्ल्ड कप खिताबों की संख्या 4 हो गई है। पाकिस्तान ने भी यह ट्रॉफी 4 बार जीती है। पाकिस्तान ने 1971, 1978, 1982, 1994 में टाइटल जीते। जर्मनी ने 2002, 20206, 2023 और 2026 में टाइटल जीता। फाइनल में स्पेन ने जर्मनी से बेहतर खेला।

टीम ने तीसरे क्वार्टर में 10 बार जर्मन सर्कल में एंट्री की और कई मौके बनाए लेकिन फिनिशिंग कमजोर थी। जर्मनी ने अपने सीमित मौकों में से एक को गोल में बदलकर मैच जीत लिया। स्पेनिश टीम 1998 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंची। हालांकि, अपना पहला वर्ल्ड कप टाइटल जीतने का इंतजार जारी रहा।

2021 टोक्यो ओलंपिक्स के ब्रॉन्ज मेडल मैच में भारत से हारने के बाद जर्मनी ने शानदार वापसी की। टीम ने तब से 2 वर्ल्ड कप, एक ओलंपिक सिल्वर और एक यूरोपियन टाइटल जीता है। 2022 में टीम की कमान संभालने के बाद से जर्मनी के कोच आंद्रे हेनिंग का यह चौथा बड़ा टाइटल है। अर्जेंटीना ने ब्रॉन्ज मेडल मैच में नीदरलैंड्स को 2-1 से हराया। मैथियास ने 59वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से विनिंग गोल किया।

भारत इस वर्ल्ड कप 2026 में 8वें स्थान पर रहा। 7वें-8वें स्थान के मैच में भारत और बेल्जियम का मैच 3-3 से ड्रॉ रहा, लेकिन शूटआउट में बेल्जियम 4-3 से जीत गया। दूसरे राउंड में अर्जेंटीना से 3-5 और नीदरलैंड्स से 1-3 से हारने के बाद भारत सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गया।