लोकसभा चुनाव 2024: अंबाला में बीजेपी प्रत्याशी बंतो कटारिया का विरोध, किसानों ने पूछा-हमारी मांगी केंद्र से हरियाणा सरकार ने क्यों रोका ?

लोकसभा चुनाव 2024: अंबाला में बीजेपी प्रत्याशी बंतो कटारिया का विरोध, किसानों ने पूछा-हमारी मांगी केंद्र से हरियाणा सरकार ने क्यों रोका ?

लोकसभा चुनाव के लिए हरियाणा में प्रचार-प्रसार जोरों पर है। इसी कड़ी में अंबाला लोकसभा सीट से बीजेपी की उम्मीदवार बंतो कटारिया भी प्रचार में जुटी हुई हैं।शनिवार के दिन बंतो कटारिया अंबाला शहर के साथ लगते गांव नग्गल में प्रचार करने पहुंची थीं। लेकिन यहां उन्हें किसानों के तीखे सवालों का सामना करना पड़ गया। बंतो कटारिया ने भी किसानों का मांगपत्र तो लिया लेकिन वो किसानों के आगे बार-बार हाथ जोड़ती भी नजर आईं।

आपको बता दें कि बंतो कटारिया इन दिनों डोर-टू-डोर प्रचार कर रही हैं। इसी कार्यक्रम के तहत वो गांव नग्गल पहुंची थी।बस यहीं भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के बैनर तले किसान नेताओं ने उन्हें रोक लिया। और पूछा कि जब उनकी मांगें केंद्र सरकार से थीं तब उन्हें हरियाणा सरकार ने क्यों रोका ?

किसानों ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी मामले में अभी तक कार्रवाई न होने का भी आरोप लगाया। किसानों ने ये भी कहा कि जब अंबाला में बाढ़ आई थी तब नेता कहां चले गए थे। वहीं इस दौरान बीजेपी प्रत्याशी बंतो कटारिया किसानों के सामने बार-बार हाथ जोड़ती दिखाई दीं। बंतो कटारिया के साथ परिवहन राज्यमंत्री असीम गोयल भी मौजूद थे वो भी बार-बार किसानों को समझाने का प्रयास करते दिखे। उन्होंने किसानों से कहा कि उनकी जो भी मांगें हैं वो लिखित रूप से दें।