हरियाणा बोर्ड ने घोषित किया डीएलएड परीक्षा का परिणाम, 74.69 फीसदी रहा रिजल्ट, महिलाएं पुरुषों के मुकाबले आगे
हरियाणा में डीएलएड परीक्षा का परिणाम घोषित हो चुका है। हरियाणा विद्यालय बोर्ड ने ये परीक्षा परिणाम घोषित किया। ये रिजल्ट प्रवेश वर्ष- 2022 सेकेंड ईयर की रेगुलर और प्रवेश वर्ष 2019, 2020, 2021 और 2022 की पहले और दूसरे वर्ष की रि-अपीयर और मर्सी चांस की परीक्षा जो जुलाई 2024 में हुई थी उसका है।
भिवानी बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इन परीक्षाओं में कुल 20 हजार 958 छात्र-अध्यापक शामिल हुए थे। उन्होंने बताया कि डीएलएड प्रवेश वर्ष 2022-2024 द्वितीय वर्ष (रेगुलर) में 16 हजार 892 छात्र-अध्यापक शामिल हुए थे। इनमें से 12 हजार 617 पास रहे। इनकी पास प्रतिशतता 74.69 रही है। इसमें महिला छात्र-अध्यापकों की पास प्रतिशतता 78.71 और पुरूष छात्र-अध्यापकों की पास प्रतिशतता 70.49 रही है।
डॉ. वीपी यादव ने बताया कि डीएलएड प्रवेश वर्ष 2022-2024 फर्स्ट ईयर (रि-अपीयर) में 2381 छात्र-अध्यापक शामिल हुए। इनमें से 1220 पास हुए। इनकी पास प्रतिशतता 51.24 रही। डॉ. वीपी.यादव ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि डीएलएड. प्रवेश वर्ष 2021-2023 फर्स्ट ईयर (रि-अपीयर) में 484 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए, जिनमें से 240 उत्तीर्ण रहे और इनकी पास प्रतिशतता 49.59 रही। प्रवेश वर्ष 2021-2023 सेकेंड ईयर (रि-अपीयर) में 1085 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए, जिनमें से 833 पास हुए।
बोर्ड अध्यक्ष ने आगे बताया कि डीएलएड विशेष अवसर परीक्षा (मर्सी चांस) में प्रवेश वर्ष 2017-2019 फर्स्ट/सेकेंड वर्ष, 2018-2020 प्रथम/द्वितीय वर्ष तथा डीएलएड मर्सी चांस परीक्षा 2019-2021 व 2020-2022 फर्स्ट/सेकेंड वर्ष का परिणाम भी आज घोषित कर दिया गया है।