राहुल गांधी की एक दिन में दो बड़ी रैलियां, जवान, किसान और पहलवान का मुद्दा उठाया, पीएम मोदी पर बोले-घबरा गए हैं, तभी उल्टी सीधी बात बोल रहे
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए राहुल गांधी ने वीरवार के दिन दो बड़ी रैलियां कीं। पहली करनाल के असंध और दूसरी हिसार के बरवाला में। इस दौरान राहुल गांधी ने केंद्र और हरियाणा की बीजेपी सरकार पर खूब निशाना साधा। असंध में जहां राहुल गांधी ने डौंकी वीजा पर विदेश जाने को मजबूर युवाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया वहीं बरवाला में राहुल गांधी ने अग्निवीर, पहलवान और किसानों के मुद्दे पर मजबूती से अपनी बात रखी। साथ ही राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर भी खूब निशाना साधा।
राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी ने एथलीट्स खत्म कर दिए। महिला पहलवानों से सेक्शुअल हैरेसमेंट करने वालों को बीजेपी ने बचाने का काम किया। बरवाला में राहुल गांधी ने कहा कि अग्निवीर स्कीम लाकर केंद्र की बीजेपी सरकार ने जवानों से पेंशन और शहीद का दर्जा छीन लिया। राम मंदिर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि राम मंदिर बनाया लेकिन आदिवासियों को नहीं घुसने देते।

राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर सियासी वार करते हुए जनता से पूछा कि मोदी जी का चेहरा देखा है। पहले वो 56 इंच की छाती हुआ करती थी। अब कहते हैं मैं नॉन बायोलॉजिकल हूं, मेरा भगवान से सीधा रिश्ता है। राहुल गांधी ने कहा कि वो घबरा गए हैं, तभी उल्टी सीधी बात बोल रहे हैं।
जनता को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने दावा करते हुए कहा कि हरियाणा में क्लीन स्वीप करने जा रहे हैं उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता की जेब में पैसा डालने का काम करेंगे।
किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि यहां किसानों से उनका हक छीना जा रहा है। आपको अपनी फसलों का सही दाम मिलता है ? उन्होंने कहा कि अरे ये पैसा किसी ना किसी की जेब में तो जा रहा है। ये सिर्फ अडानी और अंबानी की जेबों में जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैं नहीं चाहता कि हरियाणा के बच्चों को रोना पड़े। मैं ऐसा हरियाणा नहीं चाहता हूं, मैं ऐसा नहीं चलने दूंगा।
हिंदुस्तान का किसान मर जाएगा, लेकिन आंसू नहीं निकलने देता। मैं हरियाणा के किसान को जानता हूं, मैंने हरियाणा के किसानों के साथ खेती की है।
ये काले कानून अडानी-अंबानी के लिए बनाए गए हैं। राहुल गांधी ने कहा कि आपने अंबानी के बेटे की शादी देखी, करोड़ों रुपये खर्च किए। कोई अमरीका से आकर नाच रहा है, कोई बॉलीवुड से आकर नाच रहा है।

राममंदिर में आपने देखा अंबानी-अडानी गए लेकिन इन्होंने आदिवासियों को घुसने नहीं दिया। मजदूर को नहीं आने दिया, किसान को आने नहीं दिया। सब बड़े लोग आ गए।
राहुल गांधी ने कहा कि सबसे पहले गरीब लोगों की जेब में पैसा डालना है। मैंने लोकसभा में वायदा किया था कि हर गरीब परिवार के बैंक अकाउंट में एक लाख रुपए साल के अंदर डालेंगे। ये मैं छोड़ूंगा नहीं, आज नहीं कल। जितना पैसा इन्होंने अंबानी अडानी को दिया है उतना पैसा मैं निकालकर किसानों, गरीबों को दूंगा। अब हरियाणा की बारी है, अब हरियाणा की जनता की जेब में डायरेक्ट पैसा डालेंगे।
सबसे पहले महिलाओं के खाते में 2000 रुपये डालेंगे। बुजुर्गों को, विधवाओं को दिव्यांगों को 6 हजार रुपये डालेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को 2 लाख नौकरियां दी जाएंगी। हरियाणा की हर जात को ये नौकरियां दी जाएंगी।
राहुल गांधी ने कहा कि लड़ाई संविधान बचाने की है।
अग्निवीर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अग्निवीर क्या है मैं आपको बताता हूं। पहले आपको याद है वन रैंक वन पेंशन हुआ। अफसरों की जेब में पैसा गया। थोड़ा पैसा उधर गया। अडानी को हथियार खरीदवाते हैं, अब इन्हें ये भी चिंता हो गई, कि जवानों को पेंशन भी देनी है। तो ये अग्निवीर लेकर आ गए। अडानी हथियार नहीं बनाता, ये इजराइल से लेता है। इन विदेशी हथियारों पर लेवल अडानी का लगता है।
अग्निवीर को न पेंशन मिलेगी, न शहीद का दर्जा मिलेगा। अब सोचो हिंदुस्तान का क्या होगा। इसका नाम सिर्फ अग्निवीर है, इसका सच्चा मतलब जवानों की पेंशन, शहीद का दर्जा छीन लिया गया है।
राहुल गांधी ने कहा कि आपने मेरा चेहरा मीडिया में देखा कभी। ये नहीं दिखाते। जिस दिन दिख गया तो गरीबों का सारा पैसा वापस करवा देगा। इन्होंने हजारों करोड़ रुपए मेरी छवि खराब करने में खर्च कर डाले। ये जानते हैं कि जिनका पैसा है ये वह इन्हीं को देगा।