हरियाणा में पीएम मोदी करेंगे चार रैलियां, अमित शाह रहेंगे दो दिन, हरियाणा बीजेपी ने भेजी डिमांड
हरियाणा में 25 मई को चुनाव है। इसी के चलते अब प्रदेश में सियासी पारा गर्माने लगा है। इसी गर्माहट को और बढ़ाने के लिए पीएम मोदी भी जल्द ही हरियाणा में रैली करने के लिए आने वाले हैं। पीएम मोदी हरियाणा में चार बड़ी रैलियां करेंगे और जनता से बीजेपी के लिए वोट की अपील करेंगे। बताया जा रहा है कि हरियाणा बीजेपी ने इसके लिए डिमांड भेज दी है। बात करें गृहमंत्री अमित शाह की तो अमित शाह दो दिन हरियाणा में रुकेंगे जिसमें गुरुग्राम में 16 मई और 17 मई को करनाल और रोहतक में बीजेपी उम्मीदवारों के लिए वोट मांगेंगे।

पीएम मोदी की रैलियों के बारे में अनुमान है कि वो दक्षिण हरियाणा में एक और उत्तर और मध्य हरियाणा में तीन रैलियां करेंगे । आपको बता दें कि गुरुग्राम और रेवाड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही दो बड़ी रैलियां कर चुके हैं। इसलिए अब उत्तर और मध्य हरियाणा को साधने की कोशिश की जाएगी। हालांकि एक रैली दक्षिण हरियाणा में भी होगी। वहीं पीएम मोदी के लिए सियासी जमीन मुख्यमंत्री नायब सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपनी विजय संकल्प रैलियों के माध्यम से तैयार कर ही दी है। जिसका फायदा पीएम मोदी को जरूर होगा। अब देखना ये भी है कि पीएम मोदी की रैलियों का कितना असर मतदाताओं पर पड़ता है।