UN मुख्यालय से लेकर विश्व भर मैं गूंजेगी प्रधानमंत्री मोदी की 'मन की बात'

UN मुख्यालय से लेकर विश्व भर मैं गूंजेगी प्रधानमंत्री मोदी की 'मन की बात'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का आज 100वां एपिसोड प्रसारित होगा। इस क्षण को यादगार बनाने के लिए सरकार ने खास तैयारी की है। पूरे देश में इसकी लाइव स्क्रीनिंग की जाएगी।
वहीं, न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र (UN) मुख्यालय में भी इसका सीधा प्रसारण किया जाएगा। आज सुबह 11 बजे ये एपिसोड प्रसारित किया जाएगा।
बता दें कि 3 अक्टूबर, 2014 को 'मन की बात' का पहला एपिसोड प्रसारित किया गया था।

भाजपा ने इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए खास तैयारी की है। देशभर में 4 लाख से ज्यादा जगहों पर इसका सीधा प्रसारण किया जाएगा।
हर विधानसभा क्षेत्र में करीब 100 जगहों पर इस खास एपिसोड को सुनने की व्यवस्था की गई है।
केवल दिल्ली में ही यह 6,530 स्थानों पर सुना जाएगा।

न्यूयॉर्क में प्रवासी भारतीय समुदाय भी सुनेगा कार्यक्रम
न्यूयॉर्क में भारतीय महावाणिज्य दूतावास सामुदायिक संगठनों और प्रवासी समुदाय के साथ मिलकर 'मन की बात' के 100वें एपिसोड के लिए खास तैयारी कर रहा है। हालांकि, जिस वक्त भारत में कार्यक्रम के प्रसारण होगा, उस वक्त न्यूयॉर्क में रात की 1.30 बज रहे होंगे।
भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर फिलहाल गुयाना, पनामा, कोलंबिया और डोमिनिकन गणराज्य की आधिकारिक यात्रा पर थे, वे भी कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं।

लंदन में स्थित भारतीय उच्चायोग रविवार सुबह 6:30 बजे प्रधानमंत्री के 'मन की बात' के 100वें एपिसोड की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित करेगा। लंदन में भारतीय उच्चायोग ने शनिवार को ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है।

मन की बात' कार्यक्रम का 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों में प्रसारण होता है। इसके अलावा फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, पश्तो, फारसी सहित 11 विदेशी भाषाओं में भी इसे प्रसारित किया जाता है।
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री पर्यावण, स्वच्छता, सामाजिक मुद्दों से लेकर शिक्षा तक पर बात कर चुके हैं। कार्यक्रम के जरिए 500 से ज्यादा भारतीयों से प्रधानमंत्री ने सीधा संवाद किया है।
हर महीने के आखिरी रविवार को सुबह 11 बजे कार्यक्रम का प्रसारण होता है।