पंजाब में महिलाओं को ₹1000 महीना मिलेगा: सीएम भगवंत मान ने तरनतारन में किया ऐलान
पंजाब की महिलाओं के लिए खुशखबरी है। राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार अगले बजट से महिलाओं को हर महीने ₹1000 देने की योजना शुरू करेगी। यह ऐलान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को तरनतारन में चुनावी रोड शो के दौरान किया।
सीएम मान आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू के समर्थन में पहुंचे थे। इस मौके पर उन्होंने विपक्षी दलों पर भी तीखे हमले बोले। उन्होंने कहा—“हमने बिजली के बिल माफ किए, स्कूलों की फीस कम की, नौकरियां दीं। अब माताओं और बहनों से किया गया वादा भी निभाएँगे। अगले बजट से हर महिला को ₹1000 महीना मिलेगा।”
मान ने अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल के बयान पर भी पलटवार किया। हरसिमरत ने कहा था कि उनकी सरकार के वक्त “चिट्टा” (नशा) नाम की कोई चीज नहीं थी। इस पर सीएम मान ने व्यंग्य करते हुए कहा—“तब मजीठिया को ही चिट्टे के नाम से जाना जाता था। अब वही जेल में सिरहाना मंगाता है।”