रुड़की: बाबा साहेब डॉ अंबेडकर की मूर्ति असामाजिक तत्वों ने तोड़ी, ग्रामीणों में आक्रोश

रुड़की: बाबा साहेब डॉ अंबेडकर की मूर्ति असामाजिक तत्वों ने तोड़ी,  ग्रामीणों में आक्रोश
रुड़की: बाबा साहेब डॉ अंबेडकर की मूर्ति असामाजिक तत्वों ने तोड़ी, ग्रामीणों में आक्रोश

रुड़की: क्षेत्र के कलियर थाना क्षेत्र के मेहवड़ गांव में कुछ असामाजिक तत्वों ने बाबा साहेब डॉ. भीम राव आंबेडकर की मूर्ति को तोड़ दिया। इस बात की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में घोर आक्रोष है। सूचना मिली तो पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। नई मूर्ति लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि पहले आरोपितों को गिरफ्तार किया जाए, तभी मूर्ति लगेगी। मिली जानकारी के अनुसार मेहवड़ गांव के समीप एक प्लाट में डॉ. भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा लगी है। रात को किसी समय कुछ असामाजिक तत्वों ने मूर्ति को तोड़ दिया। आज सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तब उन्होंने देखा कि बाबा साहब की मूर्ति खंडि‍त की गई है। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इस बात की जानकारी मिलते ही अपर उप जिलाधिकारी पूरण सिंह राणा, पुलिस अधीक्षक देहात प्रमेंद्र डोबाल कई थानों की पुलिस लेकर मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन ग्रामीण आक्रोशित है और मूर्ति स्थल पर ही धरना देकर बैठ गए हैं। 
दूसरी बार खंडित की गई है मूर्ति
बता दें कि तीन साल पहले भी यहां पर मूर्ति खंडित करने को लेकर बवाल हो गया था। दो पुलिसकर्मी भी पथराव में घायल हो गए थे। तब भी प्रशासन ने बड़ी मुश्किल से बवाल को शांत कराया था। मुकदमा दर्ज किया गया था, लेकिन मूर्ति तोड़ने वालों का पता नहीं चल सकता था। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है।