भीषण दुर्घटना:मैक्स खाई में गिरी, 6 लोगों की मौत, 8 घायल

भीषण दुर्घटना:मैक्स खाई में गिरी, 6 लोगों की मौत, 8 घायल
Photo साभार अमर उजाला

पौड़ी: जनपद के थाना क्षेत्र पैठाणी में बरात से लौट रहा एक वाहन(मैक्स) दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया है। दो घायलों का सीएचसी पैठाणी व छह घायलों का उपचार जिला अस्पताल पौड़ी में चल रहा है।amarujala.com की खबर के अनुसार दुर्घटना पर स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दुख जताते हुए संवेदना प्रकट की है। वहीं डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, एसएसपी यशवंत सिंह चौहान ने जिला अस्पताल पौड़ी पहुंच घायलों का हालचाल जाना। 
amarujala.com की खबर के अनुसार सोमवार को थाना क्षेत्र पैठाणी के डोबरी गांव से एक बरात सिलोली गांव गई थी। देर शाम बरात विदाई के बाद वापस डोबरी लौट रही थी। लेकिन इसी दौरान बरातियों से भरी एक मैक्स स्योली मल्ली-टीला मोटर मार्ग पर स्योली मल्ली के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। घटना की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच स्थानीय लोगों के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया। दुर्घटना में जाख गांव की एक ही परिवार की दो बेटियों की मौत हो गई है।
amarujala.com की खबर के अनुसारथानाध्यक्ष पैठाणी वीरेंद्र रमोला ने बताया कि बरातियों से भरी मैक्स दुर्घटना में चालक अंकित (25) पुत्र प्रकाश लाल निवासी स्योली तल्ली, हयात सिंह पुत्र प्रताप सिंह सिलोली, मेहरवान सिंह पुत्र केदार सिंह सिलोली, जांख निवासी कलम की बड़ी बेटी अंबिका (18) और पांच वर्षीय दृष्टि की मौके पर ही मौत हो गई थी। थानाध्यक्ष रमोला ने बताया कि 108 सेवा के सहयोग से दो घायलों को सीएचसी पैठाणी व सात को सीएचसी पाबौ में भर्ती कराया गया। सीएचसी पाबौ में उपचार के दौरान मोनिका ने दमतोड़ दिया। यहां से छह घायलों को जिला अस्पताल पौड़ी रेफर किया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रदेश के शिक्षा व स्वास्थ्य मंत्री ने घायलों के उपचार को लेकर जिलाधिकारी को दिशा-निर्देश दिए हैं।
छह का पौड़ी व दो का पैठाणी में चल रहा उपचार
छह घायलों का जिला अस्पताल पौड़ी व दो घायलों का उपचार सीएचसी पैठाणी में चल रहा है। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव रतूडी ने बताया वीरेंद्र, कंचन, दिया, राहुल, प्रिया, किरन का उपचार चल रहा है। थानाध्यक्ष पैठाणी रमोला ने बताया घायल रविंद्र पुत्र रोशन सिंह ग्राम इसोटी एकेश्वर ब्लॉक, मोहन सिंह पुत्र हयात सिंह सिलोली का उपचार सीएचसी पैठाणी में चल रहा है।
14 लोग से वाहन में सवार
amarujala.com की खबर के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन बरातियों से ओवरलोड होकर चल रहा था। थानाध्यक्ष वीरेंद्र रमोला ने बताया कि मैक्स वाहन में 14 बराती सवार थे। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।