कुंभ में गुप्ता बंधुओं ने पुलिस वालों को दिखाई सरेआम दबंगई, वीडियो वायरल

कुंभ में गुप्ता बंधुओं ने  पुलिस वालों को दिखाई सरेआम दबंगई, वीडियो वायरल
गुप्ता बंधु (File)

हरिद्वार: दक्षिण अफ्रीका में भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते और औली बुग्याल में अपने बेटों की शाही शादी को लेकर विदादित रहे सहारनपुर के गुप्ता बंधु फिर से विवादों में हैं। कुंभ स्नान करने हरिद्वार पहुंचे गुप्ता बंधुओं के शाही स्नान के बाद सीधे होटल जाने की जिद पर पुलिसकर्मियों से विवाद हो गया। बता दें गुप्ता बंधुओं ने निरंजनी अखाड़े के संतों के साथ शाही गंगा स्नान किया। स्नान के बाद संतों वाले रूट से जाने के बजाए हरकी पैड़ी से सीधे होटल जाना चाहते थे लेकिन पुलिस ने उनको नहीं जाने दिया। हर की पौड़ी पर पुलिस ने रोका तो तैश में आए गुप्ता बंधु पुलिसकर्मियों पर रौब झाड़ते नजर आए। वीडियों में वह कहते सुने जा सकते हैं कि तुम्हारे आइजी संजय गुंज्याल भी हमको भाईजी कहते हैं।

आखिरकार वे अपनी जिद पूरी करने में कामयाब रहे।बता दें उतर प्रदेश के सहारनपुर के निवासी गुप्ता बंधुओं का विवादों से पुराना नाता है। दक्षिण अफ्रीका की राजनीति में दखल रखने से गुप्ता बंधु चर्चा में आए। ऐसे आरोप लगे कि पैसों के दम पर गुप्ता फैमिली की तत्कालीन दक्षिण अफ्रीकी सरकार से सांठगांठ है। उत्तराखंड के औली में शादी कराने का मामला हो या फिर हरिद्वार के जीरो जोन में गाड़ियों का काफिला दौड़ाने का विवाद उनका पीछा नहीं छोड़ते। मंगलवार शाम को भी गुप्ता बंधुओं के काफिले की गाड़ियां जीरो जोन में घुस गई थीं। बुधवार को शाही स्नान के बाद गुप्ता बंधु पुलिसकर्मियों से उलझ गए। बहरहाल इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद डीआइजी गढ़वाल नीरू गर्ग ने पूरे मामले पर जांच बैठा दी है। देखें वीडियो