उत्तराखंड के भाजपा विधायक पर बलात्कार का केस दर्ज, बढ़ी मुश्किलें

उत्तराखंड के भाजपा विधायक पर बलात्कार का केस दर्ज, बढ़ी मुश्किलें
Demo Pic

हरिद्वार: ज्वालापुर से भाजपा विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ भाजपा नेत्री की तहरीर पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया है। यह मुकदमा बहादराबाद थाने में दर्ज हुआ है। दरअसल पीड़िता ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी जिसके बाद हाई कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने विधायक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बीते दिनों भाजपा विधायक सुरेश राठौर ने ज्वालापुर कोतवाली पुलिस को बताया था कि कुछ लोग कथित अश्लील वीडियो वायरल कर उन्हें ब्लैकमेल कर रहे हैं।

विधायक की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। जिसके बाद पुलिस ने दो पत्रकारों सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मीडिया को बताया था कि आरोपी भाजपा विधायक को कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने के नाम पर डेढ़ करोड़ रुपए मांग रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में एक रुड़की तथा दूसरा सहारनपुर का रहने वाला था। जिसके बाद पुलिस ने इसी मुकदमे में एक भाजपा नेत्री और उसके पति सहित तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था। अब विधायक पर केस दर्ज होने से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं।