बहुत बढ़िया: पुलिस ने की 6 पटाखा फोड़ने वाली बुलेट सीज

बहुत बढ़िया: पुलिस ने की 6 पटाखा फोड़ने वाली बुलेट सीज
Demo Pic

रुडकी। पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर छह बुलेट सीज कर दी। बुलेट से पटाखे की आवाज निकालकर लोगों को परेशान किया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। त्योहारी सीजन की शुरूआत होने के बाद अब बाजारों में भीड़ धीरे-धीरे बढऩी शुरू हो गई है। शाम के वक्त शहर में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में असामाजिक तत्व भी सक्रिय हो गए हैं। दुपहिया वाहन को मॉडिफाई कर तेज रोशनी, पटाखे की आवाज और तेज गति से वाहनों को दौड़ाकर लोगों को परेशान किया जा रहा है। कुछ दिन से पुलिस को भी शिकायत मिल रही थी कि बाइकों को गली और घर के सामने से तेज गति से युवक दौड़ा रहे हैं।

ऐसे में कभी भी हादसा होने की आशंका बनी हुई है। कारों में भी तेज म्यूजिक और हाई बीम लाइट लगाई जा रही है। इससे रात में तेज रोशनी पडऩे से सामने से आ रहे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने शहर में दौड़ रही पटाखा बुलेट की सूचना पर चेकिंग अभियान चलाया। सिविल लाइंस बाजार, मेन बाजार, एनआईएच रोड, हाईवे से पुलिस ने छह पटाखा बुलेट को पकड़ा। वाहन चालकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। लेकिन बुलेट सीज की गई। इंस्पेक्टर राजेश साह ने बताया कि क्षेत्र वासियों की ओर से काफी समय से शिकायत मिल रही थी कि बुलेट को मॉडिफाई कराकर बुलेट से पटाखे की आवाज निकाली जा रही है। जिससे बुजुर्गों व बच्चों को काफी परेशानी हो रही है। बढ़ती शिकायतों पर चेकिंग अभियान चलाकर कोतवाली क्षेत्र से छह पटाखा बुलेट सीज की गई हैं।