सीधी भर्ती से भरे जाएंगे इंटरमीडिएट कॉलेजों में प्रधानाचार्य के 50 प्रतिशत पद

सीधी भर्ती से भरे जाएंगे इंटरमीडिएट कॉलेजों में प्रधानाचार्य के 50 प्रतिशत पद
सीधी भर्ती से भरे जाएंगे इंटरमीडिएट कॉलेजों में प्रधानाचार्य के 50 प्रतिशत पद

देहरादून:प्रदेश के इंटरमीडिएट कॉलेजों में प्रधानाचार्य के 50 प्रतिशत पदों को सीधी भर्ती एवं इतने ही अन्य पदों को पदोन्नति से भरा जाएगा। शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि इसके लिए प्रधानाचार्य सेवा नियमावली में बदलाव किया जाएगा। शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत के मुताबिक प्रदेश में प्रधानाचार्य के 950 पद खाली हैं। इन पदों को भरा जा सके इसके लिए नियमावली में बदलाव किया जा रहा है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि नियमावली में इस तरह से बदलाव किया जाए कि विभाग में प्रधानाचार्य के 50 प्रतिशत पदों को सीधी भर्ती से एवं अन्य 50 प्रतिशत पदों को पदोन्नति से भरा जा सके। इसके अलावा राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर किया जा सके इसके लिए भी अलग से सेवा नियमावली बनाई जा रही है। मंत्री ने कहा कि स्कूलों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदों को आउटसोर्स से भरा जाएगा।  

शिक्षा नीति सबसे पहले लागू करेगा उत्तराखंड 
शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति को सबसे पहले लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बनेगा। शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत के मुताबिक खेल सामग्री के लिए स्कूलों को पांच हजार रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक दिए जाएंगे। इसके अलावा चोक, डस्टर आदि के लिए स्कूलों को छात्र संख्या के आधार पर दस हजार रुपये से एक लाख रुपये तक दिए जाएंगे। पुस्तकालय, फर्नीचर आदि के लिए भी स्कूलों को पैसा दिया जाएगा।